☰
×

परिसीमन और महिला आरक्षण बिल पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, राहुल गांधी को बताया हताश और कुंठित

 

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। संसद में 30 नवंबर को पेश होने वाले महिला आरक्षण और परिसीमन बिल को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। भाजपा नेताओं ने कहा कि कांग्रेस अपनी ही बात से पलटकर खुद को बेनकाब कर रही है, जबकि देश की आधी आबादी और कांग्रेस को छोड़कर लगभग सभी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के साथ खड़े हैं। भाजपा ने राहुल गांधी पर जनता से डरने, आधारहीन बयान देने और विदेशी आकाओं को खुश करने के लिए लोकतंत्र को बदनाम करने का आरोप लगाया।

भाजपा के प्रदेश प्रभारी तरुण चुघ ने कहा, "कांग्रेस और एक-दो अन्य दलों को छोड़कर पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के साथ खड़ा है। राहुल गांधी आधारहीन बयान दे रहे हैं, जो उनकी हताशा और निराशा को दर्शाता है। कांग्रेस ने बार-बार देश की बेटियों को अधिकार दिलाने की प्रक्रिया में बाधा डाली है और दशकों तक उनके रास्ते में खड़ी रही है।"

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की कुंठा और बेतुकी बयानबाजी अपने विदेशी आकाओं को खुश करने के लिए भारत के लोकतंत्र और न्यायतंत्र को बदनाम करने का एक षडयंत्र है। उनका व्यवहार मानसिक रोगी की तरह है। सौ बार की हार से उनके मन में कुंठा हो गई है। उनके शब्दों में हताशा स्पष्ट दिखती है। सोनिया गांधी से मेरा निवेदन है कि उन्हें किसी अच्छे मनोचिकित्सक से दिखाएं।

प्रस्तावित परिसीमन बिल पर पिछड़ा वर्ग राष्ट्रीय आयोग की अध्यक्ष और पूर्व मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा, "मैं खुद को सौभाग्यशाली मानती हूं कि जब नई संसद में पहला कानून नारी शक्ति वंदन अधिनियम लाया गया, तब मैं सांसद थी। यह मांग कई साल से लंबित थी, कांग्रेस सरकार के दौरान भी। मैं समझ नहीं पा रही हूं कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी इसका विरोध क्यों कर रही हैं। मेरा मानना है कि सभी राजनीतिक दलों की महिलाओं को इस कानून के समर्थन में एक साथ आना चाहिए। महिलाओं को उनके जायज अधिकारों से वंचित करना उचित नहीं है।"

उन्होंने कहा कि देशहित में अगर कोई काम हो रहा है तो उसमें राजनीतिक विचारधारा से ऊपर उठकर समर्थन करना चाहिए। अखिलेश यादव को यह भी ध्यान रखना चाहिए कि जब ये कांग्रेस पार्टी के सहयोगी थे और उनकी सरकार थी तो देश में कई बड़े हमले हुए थे। देश की सीमाएं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सही मायने में सुरक्षित हुई है। जनसंख्या बढ़ी है, जहां पहले तीन सवा तीन लाख लोग हुआ करते थे, आज वहां चार लाख से ज्यादा मतदाता पहुंच चुके हैं। विधानसभा और लोकसभा में परिसीमन होना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, "मैं बस इतना कहना चाहता हूं कि कांग्रेस बेशर्मी से अपनी ही बात से पलटकर और खुद का विरोध करके सिर्फ खुद को ही बेनकाब कर रही है। कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल का समर्थन किया था। अगर वह अब इसका विरोध करती है तो देश की आधी आबादी सिर्फ उत्तर प्रदेश के चुनाव में ही नहीं, बल्कि देशभर के चुनावों में उसे सबक सिखाएगी।"

विपक्ष के नेता राहुल गांधी की प्रस्तावित परिसीमन बिल पर टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए सिंह ने सवाल किया कि कांग्रेस नेता जनता का सामना करने से क्यों डर रहे हैं और अगर उन्हें इतनी ही आपत्ति है तो उन्हें इस्तीफा देने की चुनौती दी।

गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी जनता से क्यों डर रहे हैं? आप तो त्रिपुरा में मतपत्र के जरिए भी हार गए और अगर आप नैतिकता को लेकर इतने ही प्रतिबद्ध हैं तो पहले खुद इस्तीफा दीजिए। केरल के गृह मंत्री कहते हैं कि अगर एसआईआर नहीं हुआ होता तो हम चुनाव हार जाते। उन्हें पहले अपनी ही सरकार का इस्तीफा सुनिश्चित करना चाहिए।"

पूर्व भाजपा सांसद डॉ. उमेश जाधव ने कहा कि डीएमके, एनसीपी, टीआरएस और टीडीपी उन दलों में शामिल हैं जो 30 नवंबर को संसद में पेश किए जा रहे महिला आरक्षण बिल और परिसीमन बिल का समर्थन कर रहे हैं, जिससे उन निर्वाचन क्षेत्रों में उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा जहां वर्तमान में 25 से 50 लाख मतदाता हैं। 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ गुलबर्गा (कर्नाटक) को पांच अतिरिक्त सीटें मिलेंगी।

--आईएएनएस

केके/वीसी