पेरिस में पीएम मोदी के स्वागत पर भारतीय समुदाय ने जताई खुशी, फ्रांस में पहले हिंदू मंदिर निर्माण पर किया गर्व
पेरिस, 18 जून (आईएएनएस)। पेरिस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के बाद भारतीय समुदाय के लोगों ने अपने अनुभव साझा किए और खुशी का इजहार किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करके हम लोगों को बहुत गर्व का एहसास हुआ है।
वैभवी पारिक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करके हम लोगों को बहुत गर्व का एहसास हुआ है।"
उन्होंने कहा कि दूसरी गर्व की बात यह है कि पेरिस में हिंदू मंदिर बन रहा है, जिसका उद्घाटन सितंबर 2026 में होगा। मंदिर उद्घाटन के लिए हम सभी का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस मंदिर की खास बात ये है कि यह 'मेड इन इंडिया' है।
प्रवासी भारतीय प्रतीक ने कहा, "यह फ्रांस का पहला हिंदू मंदिर होगा, जिसका उद्घाटन सितंबर में किया जाएगा। हमारे गुरुजी मोहनस्वामी महाराज के मार्गदर्शन में यह मंदिर बन रहा है। इसकी विशेषता यह है कि फ्रांस में भारत के पत्थर से यह मंदिर बन रहा है। मंदिर निर्माण के लिए भारत से ही पत्थर मंगाए गए हैं। सितंबर में 15 दिन का महोत्सव होगा। इसमें हम सभी भारतीयों को आमंत्रित करते हैं और उनका स्वागत करते हैं।
बता दें कि फ्रांस के एवियन में जी-7 समिट में सफल बैठकों के बाद प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार सुबह पेरिस पहुंचे। वहां भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें भारत और फ्रांस को एक-दूसरे के करीब लाने में भारतीय समुदाय के प्रयासों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि भारत-फ्रांस की साझेदारी हमारी दुनिया की तरक्की के लिए बहुत जरूरी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इन तस्वीरों में वे भारतीय नागरिकों से मुलाकात करते हुए दिखाई दिए। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "कुछ ही देर पहले पेरिस पहुंचा, जहां भारतीय समुदाय ने मेरा गर्मजोशी से स्वागत किया। भारत और फ्रांस को करीब लाने की उनकी कोशिशों पर मुझे गर्व है। भारत-फ्रांस की साझेदारी हमारी दुनिया की तरक्की के लिए बहुत जरूरी है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/