×

पारदर्शी व्यवस्था के तहत किसानों का गेहूं हर हाल में खरीदा जाएगा : शिवराज चौहान

 

भोपाल, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को विदिशा संसदीय क्षेत्र की गेहूं खरीदी की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कहा है कि किसानों को किसी भी तरह की समस्या नहीं आना चाहिए और हर किसान का गेहूं हर हाल में खरीदा जाना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विदिशा संसदीय क्षेत्र में गेहूं उपार्जन व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विदिशा, सांची, गंजबासौदा, बुधनी, भोजपुर, खातेगांव और इछावर समेत सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों के विधायक एवं संबंधित जिलों के कलेक्टर तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

समीक्षा के दौरान केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खरीदी व्यवस्था को सुचारु और पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनप्रतिनिधियों के साथ पूरा समन्वय करते हुए सभी खरीदी केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही बारदाने की उपलब्धता, स्लॉट बुकिंग प्रणाली और किसानों की सुविधा से जुड़े हर पहलू पर सतर्कता बरती जाए। किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी नहीं होनी चाहिए और उपार्जन प्रक्रिया को पूरी तरह व्यवस्थित, सरल और किसान हितैषी बनाया जाए।

उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं और कमियों की पहचान स्थानीय स्तर पर हो सकती है, उनके लिए अधिकारी और जनप्रतिनिधि अपने स्तर पर तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। बारदाने की कोई कमी न रहे और खरीदी की मात्रा भी कम न हो, इसके लिए वे भी अपने स्तर पर शासन से चर्चा करेंगे। साथ ही जिन किसानों की स्लॉट बुकिंग नहीं हो पाई है, उनका शीघ्र सत्यापन कराया जाए और सर्वर की गति सुधारने के लिए भी अधिकारी प्रभावी कदम उठाएं। राज्य सरकार से चर्चा कर खरीदी की अंतिम तिथि बढ़ाने, खरीदी की मात्रा में वृद्धि करने, अधिक तौल कांटे लगाने और आवश्यकता पड़ने पर छुट्टी के दिन भी खरीदी जारी रखने जैसे विषय पर चर्चा करूंगा।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अधिकारी और जनप्रतिनिधि अपने-अपने स्तर पर व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत व सुव्यवस्थित बनाएं। साथ ही, इस संबंध में मध्यप्रदेश शासन और मुख्यमंत्री से भी विस्तृत चर्चा करूंगा, ताकि गेहूं खरीदी की सभी व्यवस्थाएं बेहतर और संतुलित ढंग से सुनिश्चित की जा सकें। मेरी कोशिश रहेगी कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो। आवश्यकता पड़ने पर, मैं स्वयं विदिशा संसदीय क्षेत्र के सभी जिलों का फिजिकल दौरा कर अलग-अलग बैठकें आयोजित करूंगा और जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

--आईएएनएस

एसएनपी/एसके