दिल्ली स्थित आवास पर पप्पू यादव पर हमला, फुटेज में देंखे प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान युवक ने फेंकी चप्पल; आरोपी हिरासत में
बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव पर रविवार शाम दिल्ली स्थित उनके आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हमला करने की कोशिश की गई। कार्यक्रम के बीच एक युवक ने उनकी ओर चप्पल फेंक दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।
हालांकि, आरोपी को पुलिस अपने साथ ले जा रही थी, उसी दौरान पप्पू यादव के समर्थकों ने उसे घेर लिया और कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की। पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में भी समर्थकों ने आरोपी का पीछा कर उसकी पिटाई की। बाद में पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया।हमला करने वाले युवक की पहचान सुमित प्रधान उर्फ सुमित गिरि गोस्वामी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में भाजपा का नगर मंत्री है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि युवक उनके पास चाकू लेकर पहुंचा था और उनकी हत्या की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि उनके समर्थकों ने संदिग्ध युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक सार्वजनिक रूप से यह पुष्टि नहीं की गई है कि आरोपी के पास से चाकू बरामद हुआ था या नहीं।
मीडिया से बातचीत में पप्पू यादव ने कहा, "आपके सामने ही हमला हुआ है। मेरा क्या गुनाह है? कुछ लोग लगातार मुझे मारने और जलाने जैसी बातें कर रहे हैं।" उन्होंने कुछ व्यक्तियों के बयानों का भी जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उनके खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है।गौरतलब है कि शुक्रवार को संसद परिसर में पप्पू यादव ने एक विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बाद सोशल मीडिया और विभिन्न मंचों पर उनके खिलाफ कई प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। इसी क्रम में एक हिंदूवादी नेता द्वारा उनका सिर लाने वाले को 51 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा किए जाने का दावा भी सामने आया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान की वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पप्पू यादव की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।