×

पेपर लीक नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य की चोरी: उमंग सिंघार

 

भोपाल, 30 जून (आईएएनएस)। विभिन्न परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले पर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि यह पेपर लीक होना नहीं है, बल्कि युवाओं के भविष्य की चोरी है।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने संवाददाताओं से चर्चा करते हुए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी 'छात्रों की गूंज' अभियान, नीट 2026 पेपर लीक, मध्य प्रदेश की भर्ती परीक्षा व्यवस्था की बदहाली तथा उच्च शिक्षा में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर केंद्र एवं राज्य सरकार पर गंभीर सवाल उठाए।

नेता प्रतिपक्ष सिंघार ने कहा कि यह केवल पेपर लीक नहीं, युवाओं के भविष्य की चोरी है। छात्र फेल नहीं हो रहे, बल्कि सरकार की परीक्षा व्यवस्था फेल हो रही है। जब राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में भरोसा टूटता है, तब जवाबदेही भी राष्ट्रीय स्तर पर तय होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह लड़ाई देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य की लड़ाई है। छात्रों की गूंज और पेपर लीक का मुद्दा सड़कों के साथ साथ आगामी विधानसभा सत्र में भी सुनाई देगा।

उन्होंने कहा कि देश का युवा आज पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में देरी, शिक्षकों की कमी और शिक्षा व्यवस्था की विफलताओं से परेशान है। यह केवल परीक्षा का नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के भविष्य का सवाल है।

कांग्रेस की मांग है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। एनटीए सहित पूरी परीक्षा व्यवस्था का व्यापक सुधार एवं सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। वार्षिक परीक्षा एवं भर्ती कैलेंडर लागू कर समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।

--आईएएनएस

एसएनपी/डीकेपी