पन्ना में 10 लाख की फिरौती के लिए अपह्रत कारोबारी का बेटा बरामद
पन्ना, 29 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से 10 लाख रुपए की फिरौती के लिए कारोबारी के बेटे का अपहरण किया गया। पुलिस की कारगर रणनीति और मुखबिर तंत्र के जरिए पुलिस ने अपहृत युवक को बरामद कर लिया है, वहीं आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जून की रात्रि लगभग आठ बजे थाना पवई क्षेत्र के स्थानीय कपड़ा व्यापारी राजेश कुमार डेंगरे के 20 वर्षीय पुत्र अंशुल उर्फ कान्हा का अज्ञात व्यक्तियों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। उसकी रिहाई के लिए 10 लाख रुपए की फिरौती की मांग की गई।
पवई थाना क्षेत्र से कपड़ा कारोबारी के बेटे की अपहरण की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित की गई। साथ ही तकनीकी विश्लेषण एवं डिजिटल इनपुट के लिए साइबर सेल को तत्काल सक्रिय किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों के आधार पर संभावित स्थानों पर लगातार तलाश की। रात्रि के दौरान लगातार वर्षा, घने जंगल एवं दुर्गम मार्ग जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद पुलिस बल ने कई किलोमीटर तक पैदल सर्च अभियान संचालित किया। लगातार प्रयासों एवं सुनियोजित रणनीति के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने हथकुरी के समीप जंगल क्षेत्र से अपहृत युवक अंशुल उर्फ कान्हा को सकुशल बरामद कर लिया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस द्वारा प्रकरण के सभी पहलुओं की गंभीरता एवं निष्पक्षता के साथ जांच की जा रही है।
मामले में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।
--आईएएनएस
एसएनपी/डीकेपी