पंजाब: संगरूर पुलिस की कार्रवाई, ड्रग्स के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 6 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब सरकार के ड्रग्स के खिलाफ अभियान के तहत संगरूर पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इसे लेकर गुरुवार को जानकारी देते हुए संगरूर पुलिस ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि संगरूर के इलाके में कुछ समय से दो ड्रग तस्कर सक्रिय थे, जिन्हें पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे अभियान के तहत गिरफ्तार किया गया है।
दोनों आरोपियों की पहचान सिमरनजीत सिंह उर्फ मोगली और गुरप्रीत सिंह उर्फ भैरो के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि दोनों तस्कर पिछले कुछ समय से संगरूर इलाके में बड़े पैमाने पर नशे का काम कर रहे थे। उनमें से मोगली के पास से 510 ग्राम हेरोइन कॉमर्शियल मात्रा में बरामद की गई है।
मोगली से पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर आगे भैरो को भी गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 3 हथियार, 3 जिंदा कारतूस और 50 ग्राम हेरोइन बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच में आरोपियों का कुछ अंतरराज्यीय लिंक भी सामने आया है। वहीं, बरामद किए गए हथियारों में कुछ आधुनिक हैं।
उन्होंने बताया कि आरोपियों में से एक भैरो कुछ समय के लिए महाराष्ट्र और गुजरात में रहकर आया है। इससे जुड़ी प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि यह आरोपी वहां भी ड्रग तस्करी का काम कर रहा था।
उन्होंने आगे बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। मोगली के ऊपर पूर्व में 4 एफआईआर दर्ज हैं और दूसरे भैरो के ऊपर पूर्व में 16 एफआईआर विभिन्न थानों में दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि भैरो कई केस में वांटेड है। वह पूर्व में भी दो बार जेल में जा चुका है। वह पिछले कुछ समय से इलाके से गायब था, लेकिन आखिरकार इसे गिरफ्तार करने में पुलिस ने सफलता हासिल की है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी