पंडित नेहरू ने देश की कमान मुश्किल दौर में संभाली थी: इमरान मसूद
नई दिल्ली, 8 दिसंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू पर निशाना साधने को लेकर भाजपा को आड़े हाथों लिया।
इमरान मसूद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ये लोग बार-बार पंडित नेहरू का जिक्र करके उन पर हमला बोलते हैं। आखिर ऐसा क्यों? ऐसे लोगों को मैं कहना चाहूंगा कि उन्हें पंडित नेहरू पर जुबानी हमला करने का कोई नैतिक हक नहीं है, क्योंकि जब हमारा देश सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा था, उस वक्त पंडित नेहरू ने इस देश की कमान संभाली थी।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हमारा देश विभिन्न प्रकार की चुनौतियों से गुजर रहा था। ना ही हमारे पास पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री थी और ना ही कपड़ा। इन दोनों की जरूरतों के लिए हम दूसरे देशों पर आश्रित थे। ऐसी स्थिति में पंडित नेहरू ने देश की कमान संभाल कर यह साबित कर दिखाया था कि वो किसी भी विषम परिस्थिति को संभाल सकते हैं। ऐसी स्थिति में इन लोगों को पंडित नेहरू पर हमला करने का कोई नैतिक हक नहीं है। अगर पंडित नेहरू नहीं होते, तो आज ये लोग भी नहीं होते। उन्होंने इस देश को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभाई थी, जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि आज ये लोग पंडित नेहरू पर सवाल खड़ा कर रहे हैं, लेकिन इन लोगों को यह बात समझनी होगी कि अगर आज ये लोग यहां पर खड़े हैं, तो इसका श्रेय पूरी तरह से पंडित नेहरू को जाता है। लेकिन, राजनीतिक दुर्भावना से ग्रसित इन लोगों को यह बात बिल्कुल भी समझ में आने वाली नहीं है।
उन्होंने भाजपा के आत्मनिर्भर भारत के नारे को भी सिरे से खारिज करते हुए इसका श्रेय पंडित नेहरू को दिया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का श्रेय अगर किसी को जाता है, तो वो पंडित नेहरू हैं। उन्हीं की वजह से आज हमारा देश आत्मनिर्भर बन पाया है। उन्होंने देश को आत्मनिर्भर बनाने का खाका काफी पहले ही तैयार कर लिया था, जिसे उन्होंने जमीन पर उतारने का काम किया। अगर हम इतिहास में जाएंगे, तो हम सभी लोगों को अच्छे से पता है कि हमारे पास आजादी के बाद कुछ भी नहीं था। हम अपनी हर जरूरत के लिए दूसरे देशों पर निर्भर थे। ऐसी स्थिति में पंडित नेहरू की तरफ से राष्ट्र निर्माण की दिशा में दिए गए योगदान को बिल्कुल भी खारिज नहीं किया जा सकता है।
कांग्रेस सांसद ने कहा कि पंडित नेहरू ने देश की कमान संभालने के बाद देश के हर क्षेत्र को सशक्त करने का काम किया। उन्होंने उद्योग से लेकर कृषि क्षेत्र में विकास की बयार बहाई। उन्होंने देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का प्रयास किया। लेकिन, आज की स्थिति ऐसी हो चुकी है कि भाजपा पूरे देश को बेचने पर आमादा हो चुकी है।
--आईएएनएस
एसएचके/डीएससी