पालघर में खौफनाक वारदात, पैसे नहीं देने पर बेटे ने ग्राइंडर से पिता का गला काटा; 4 घंटे में गिरफ्तार
पुणे, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के पालघर से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। एक बेटे ने अपने सोते हुए पिता की हत्या ग्राइंडर से गला काटकर कर दी और जेब में मौजूद पैसे लेकर फरार हो गया, लेकिन इस कलयुगी बेटे को पालघर पुलिस ने महज 4 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी को तब गिरफ्तार किया, जब वह पालघर से राजस्थान फरार होने की कोशिश में था। पुलिस ने उसे ट्रेन के अंदर लोकेशन ट्रैक करके पकड़ा है। यह घटना 18 अक्टूबर की है। शाम करीब 5.30 बजे इसम नामे विशाल सतरसिंग गिरासे ने फोन पर सूचना दी कि नवली राम नगर स्थित प्रिया ओरियन ग्रैंड बिल्डिंग के चौथे माले पर रहने वाले मोहनलाल परमार (59) की हत्या हो गई है। बेटे भावेश मोहनलाल परमार की शिकायत पर पालघर पुलिस ने 18 अक्टूबर को रात 11.01 बजे केस दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पालघर, यतिश देशमुख के मार्गदर्शन में पालघर पुलिस थाने और स्थानीय गुन्हे अन्वेषण शाखा (एलसीबी) का संयुक्त जांच पथक तैयार किया गया। पथक ने तांत्रिक विश्लेषण और गोपनीय जानकारी के आधार पर जांच की तो पता चला कि आरोपी रेलवे से भाग गया है।
मिली जानकारी के आधार पर रेलवे पुलिस की मदद से आरोपी को पकड़ा गया। आरोपी की पहचान मुकेश मोहनलाल परमार (24) के रूप में हुई है।
मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी को कार खरीदने के लिए पैसे चाहिए थे। उसे अय्याशी की भी लत थी, जिससे पिता बेहद परेशान थे और उन्होंने बेटे को पैसे देने बंद कर दिए थे। अक्सर वे पैसे अपने कमरे में बिस्तर में या पॉकेट में ही रखते थे। घटना के दिन भी बेटे ने पैसे मांगे, लेकिन पिता ने मना किया और कमरे में जाकर सो गए। बेटे ने उनके सोने का इंतजार किया और इसके बाद एक ग्राइंडर से पिता की हत्या कर दी।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरले, उप विभागीय पुलिस अधिकारी उमेश गवली के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक किशोर मानभाव, पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटील (एलसीबी) और उनकी टीम के द्वारा की गई। इस मामले की आगे की जांच पुलिस निरीक्षक/किशोर मानभाव, प्रभारी अधिकारी और पालघर पुलिस ठाणे कर रहे हैं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी