×

पालघर लव जिहाद केस की जांच करेगी एसआईटी, स्टूडेंट वीजा की परिजनों को दी जाए सूचना: चित्रा वाघ

 

पालघर, 10 जून (आईएएनएस)। महाराष्ट्र भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष चित्रा वाघ ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर पालघर के दहानू इलाके में कथित "लव जिहाद" के दावों पर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि दो जैन महिलाओं की अलग-अलग धर्मों में शादियां किसी साज़िश का हिस्सा हो सकती हैं और मामले की विस्तृत जांच व सख्त कार्रवाई की मांग की है।

उन्होंने कहा कि लंदन का वीजा सामान्य रूप से मिलना आसान नहीं माना जाता है, लेकिन कुछ खास मामलों में महाराष्ट्र की लड़कियों को मात्र सात दिन में वीजा मिल जाने का मामला सामने आया है। इन सभी मामलों में मोडस ऑपरेंडी लगभग एक समान है और इन लड़कियों के केस एक ही वकील लड़ रहे हैं। परिवार ने जो दस्तावेज सौंपे हैं, उनके अनुसार यह वकील गुजरात के वडोदरा (बड़ौदा) का एडवोकेट है।

चित्रा वाघ ने कहा कि इस मामले का संज्ञान लेते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत एसआईटी गठित कर दी है। इस टीम का नेतृत्व एक एसपी रैंक के अधिकारी करेंगे और पूरी जांच उनके अधीन होगी। परिवार ने स्पष्ट कहा है कि वे केवल अपनी बेटी को वापस चाहते हैं, कोई अन्य मांग नहीं है। स्थानीय स्तर पर यह भी मांग की जा रही है कि गुजरात की तरह महाराष्ट्र में भी शादी से पहले माता-पिता को सूचित करने का प्रावधान लागू किया जाए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस के संज्ञान में आने के बाद यह प्रावधान जल्द महाराष्ट्र में भी लागू होने की संभावना है। पालघर जिले के धानू, बोईसर और पालघर क्षेत्रों में गुजरात से सटे होने के कारण अन्य राज्य (खासकर गुजरात) के मुस्लिम युवक बड़ी संख्या में आते हैं। आरोप है कि सेंट जॉन कॉलेज जैसे संस्थानों में पढ़ने के नाम पर ये युवक आते हैं, लेकिन पढ़ाई के बजाय लड़कियों की रेकी करते हैं। इन युवकों पर आरोप है कि वे लड़कियों को लंदन जाने का सपना दिखाकर फंसाते हैं, निकाह कर लेते हैं और जल्दी वीजा प्रक्रिया पूरी कर उन्हें विदेश ले जाते हैं। माता-पिता को इनकी वीजा अप्लाई, लोन या अन्य प्रक्रिया की कोई जानकारी नहीं होती।

चित्रा वाघ ने कहा कि पूरे देश में ऐसा कानून बनाया जाना चाहिए कि किसी भी छात्र-छात्रा को स्टूडेंट वीजा मिलने पर उसके माता-पिता को अनिवार्य रूप से सूचित किया जाए। वर्तमान में माता-पिता को पूरी प्रक्रिया की कोई जानकारी नहीं मिलती, जिसका फायदा उठाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र पुलिस भी इस मामले में सक्रिय रूप से जांच कर रही है। यह पूरा मामला गुजरात से जुड़ा बताया जा रहा है, जहां इसी तरह के कई मामले पहले भी सामने आए हैं। महाराष्ट्र सरकार अब इस रैकेट को पूरी तरह ध्वस्त करने का भरोसा जताया है।

--आईएएनएस

एसएके/डीएससी