पलक मुच्छल : नौ साल की उम्र में पहला एलबम 'चाइल्ड फॉर चिल्ड्रन', आज संगीत की दुनिया पर कर रहीं राज
मुंबई, 29 मार्च (आईएएनएस)। संगीत की दुनिया में कुछ ही सिंगर्स ऐसे हैं, जिन्होंने कम उम्र में ही अपने हुनर से सबको हैरान कर दिया। पलक मुच्छल इन्हीं खास सिंगर्स में से एक हैं। आज पलक अपने सुरों की वजह से जानी जाती हैं। वह नेक कामों और चैरिटी के लिए भी पहचानी जाती हैं।
पलक मुच्छल का जन्म 30 मार्च 1992 को मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में एक मिडिल क्लास परिवार में हुआ था। उनके घर में संगीत का माहौल था। उनकी मां अमृता मुच्छल और पिता राजकुमार मुच्छल ने हमेशा उनके हुनर को प्रोत्साहित किया। पलक का एक छोटा भाई पलाश मुच्छल भी संगीत से जुड़ा है। बचपन से ही पलक की आवाज में एक अलग मिठास और गहराई थी, जिसे सुनकर हर कोई प्रभावित हो जाता था।
पलक ने सिर्फ चार साल की उम्र में ही गाना शुरू कर दिया था। उन्होंने शास्त्रीय संगीत की ट्रेनिंग ली और बहुत कम उम्र में ही मंचों पर अपनी आवाज का जादू बिखेरना शुरू कर दिया। पलक के करियर की शुरुआत तब हुई जब उन्होंने महज 9 साल की उम्र में अपना पहला एलबम 'चाइल्ड फॉर चिल्ड्रन' रिलीज किया। इस एलबम को टिप्स म्यूजिक ने रिलीज किया था। इस एलबम के जरिए उन्होंने साबित कर दिखाया कि छोटी उम्र में भी बड़ा मुकाम हासिल किया जा सकता है।
पलक ने करियर में आगे बढ़ते हुए कई एलबम और सिंगल्स किए। 'पलकें', 'आओ तुम्हें चांद पर ले जाएं', 'बेटी हूं महाकाल की' और 'दिल के लिए' जैसी कई एलबमों ने उनके हुनर को और भी चमकाया।
बॉलीवुड में पलक की पहचान तब बनी जब सलमान खान ने उन्हें नोटिस किया। साल 2011 में फिल्म 'दमादम' के साथ पलक ने बॉलीवुड में डेब्यू किया। इसके बाद उन्होंने सलमान खान की फिल्म 'एक था टाइगर' के 'लापता' गाने में अपनी आवाज दी और फिर सफलता के दरवाजे उनके लिए खुल गए। इसके बाद पलक ने 'आशिकी 2', 'गब्बर इज बैक', 'सनम रे' और 'एम एस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी' जैसी फिल्मों में सुपरहिट गाने गाए। उनके गाने हमेशा लोगों की जुबां पर रहते हैं।
पलक सिर्फ अपनी सिंगिंग ही नहीं बल्कि समाज सेवा के लिए भी जानी जाती हैं। उन्होंने अपनी कमाई का एक हिस्सा हार्ट पेशेंट बच्चों के इलाज में लगाया है और अब तक 2,000 से ज्यादा बच्चों की सर्जरी करवाई है। इसी नेक काम के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। पलक अपने जन्मदिन पर भी हार्ट पेशेंट बच्चों से मिलने जाती हैं और उनके लिए स्टेज शो आयोजित करती हैं।
पलक मुच्छल को कई पुरस्कारों से नवाजा गया है। उन्होंने युवा कलाकार और लीड सिंगर के तौर पर कई सम्मान प्राप्त किए हैं।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम