×

पाकिस्तान: धमाके से फिर दहला खैबर पख्तूनख्वा, पेशावर में आईईडी ब्लास्ट

 

पेशावर, 2 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तान का खैबर पख्तूनख्वा रविवार को बम धमाके से दहल उठा। राज्य की राजधानी पेशावर में एक जबरदस्त बम धमाका हुआ। इसे आईईडी ब्लास्ट बताया जा रहा है। बम धमाके में दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर स्थानीय मीडिया ने दी।

प्रमुख अंग्रेजी दैनिक डॉन ने पुलिस के हवाले से बताया कि रविवार दोपहर पेशावर-इस्लामाबाद मोटरवे टोल प्लाजा के पास धमाका किया गया। प्रांतीय राजधानी के पूर्वी प्रवेश द्वार पीर जकोरी पुल के पास एक इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) के धमाके में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, पुलिस वैन ड्राइवर और एक कॉन्स्टेबल जख्मी हुए हैं , जबकि गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है। शहर की पुलिस के प्रवक्ता आलम खान ने बताया, "दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है।"

घटना की सूचना मिलने के कुछ देर बाद बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा।

यह घटना हांगू जिले में एक चेकपोस्ट पर हुए आतंकवादी हमले के कुछ दिनों बाद हुई है, जिसमें डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (डीएसपी) समेत नौ पुलिसकर्मी मारे गए थे और 28 घायल हो गए थे।

29 जुलाई को भी स्वात की काबल और मट्टा तहसीलों में एक संयुक्त सुरक्षा अभियान के दौरान एक पुलिसकर्मी और ग्राम रक्षा समिति के चार सदस्य मारे गए थे।

पाकिस्तान इंस्टीट्यूट फॉर कॉन्फ्लिक्ट एंड सिक्योरिटी स्टडीज (पीआईसीएसएस) के मासिक सुरक्षा आकलन के अनुसार, जुलाई में आतंकवादी हमलों में 112 सुरक्षाकर्मी मारे गए; यह जनवरी 2023 के बाद से एक महीने में हुई मौतों की सबसे बड़ी संख्या है और एक दशक से भी ज्यादा समय में दर्ज की गई दूसरी सबसे बड़ी संख्या है।

केपी में जुलाई में 154 मौतें दर्ज की गईं, जो जून में 75 थीं; यानी इसमें 105% की बढ़ोतरी हुई। घायल लोगों की संख्या 60 से बढ़कर 98 हो गई है। मुख्य केपी में सुरक्षाकर्मियों की मौत 12 से बढ़कर 38 हो गई है।

--आईएएनएस

केआर/