पाकिस्तान: बलूचिस्तान में जज की गोली मारकर हत्या, सुरक्षाकर्मी भी ढेर
क्वेटा, 23 जुलाई (आईएएनएस)। पाकिस्तान के बलूचिस्तान में गुरुवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने एक जज की गोली मारकर हत्या कर दी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अब्दुल हकीम काकर के साथ ही उनका सुरक्षाकर्मी भी इस हमले में मारा गया। वहीं, अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश तारिक लशारी समेत दो अन्य लोग घायल हो गए।
प्रमुख दैनिक डॉन ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से बताया कि जज अब्दुल हकीम काकर और अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश तारिक लशारी क्वेटा से मस्तुंग जा रहे थे। इसी दौरान वली खान क्रॉसिंग के पास अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने उनके काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
बलूचिस्तान गृह विभाग के अधिकारी बाबर यूसुफजई ने बताया कि हमले में जज काकर और उनके सुरक्षाकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल हुए लोगों को इलाज के लिए मस्तुंग अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एक दिन पहले ही मस्तुंग के खुद कोचा इलाके में कराची जा रही एक यात्री बस पर हमला किया गया था। इस हमले में तीन लोगों की मौत हो गई थी और पांच घायल हो गए थे। हमलावरों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक पुल को भी बम से उड़ा दिया था।
घटना के बाद प्रशासन ने बुधवार रात 9 बजे से खुद कोचा उप-तहसील में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लागू कर दिया।
हालिया हमला सुरक्षा बलों द्वारा इस सप्ताह मस्तुंग में तीन कथित आतंकवादियों के मारे जाने के बाद हुआ है। पाकिस्तान सेना की मीडिया शाखा आईएसपीआर के अनुसार, इस अभियान में दो आत्मघाती हमलावरों और उनके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार किया गया था। वहीं, सुराब जिले में भी सात कथित आतंकी मारे गए थे।
जिओ न्यूज के अनुसार, हमले के बाद खुद कोचा इलाके में बलूचिस्तान गृह विभाग ने (बुधवार शाम) कर्फ्यू लगा दिया था। विभाग ने इलाके के संवेदनशील हालात को देखते हुए ये फैसला लिया। कहा गया कि बदहाल कानून-व्यवस्था को देखते हुए सरकार ने ये कदम उठाया है।
इस महीने की शुरुआत से बलूचिस्तान में ऐसे हमलों में तेजी आई है, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने पूरे प्रांत में व्यापक आतंकवाद विरोधी अभियान शुरू किया है।
--आईएएनएस
केआर/