पांच राज्यों में सफल चुनाव के बाद आगरा पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त, कैलाश महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना
आगरा, 2 जून (आईएएनएस)। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को अपने परिवार के साथ आगरा स्थित प्रसिद्ध कैलाश महादेव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना कर देशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पांच राज्यों में सफलतापूर्वक चुनाव संपन्न होने के बाद वह अपनी पत्नी अनुराधा कुमार के साथ अपनी जन्मभूमि आगरा आए हैं। उन्होंने बताया कि सबसे पहले उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद प्राप्त किया और उसके बाद कैलाश महादेव मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि पांच राज्यों में सफल चुनावों के बाद मेरी पत्नी अनुराधा और मैं अपने माता-पिता का आशीर्वाद लेने अपनी जन्मभूमि आगरा आए हैं। यहां उनके आशीर्वाद प्राप्त करने के बाद कैलाश महादेव मंदिर में दर्शन कर महादेव का आशीर्वाद लिया है।
इस अवसर पर उन्होंने देश के मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को अपना वोट अवश्य बनवाना चाहिए और चुनाव के दौरान मतदान जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची ही पारदर्शी एवं निष्पक्ष चुनावों की आधारशिला होती है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ने कहा कि मैं आप सभी के माध्यम से देश के सभी मतदाताओं से आग्रह करता हूं कि अपना वोट जरूर बनवाएं और चुनाव में मतदान अवश्य करें। शुद्ध मतदाता सूची ही पारदर्शी चुनावों की आधारशिला है। आइए, हम सभी भारत के चुनावों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। जय भारत, जय हिंद।
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार शाम दिल्ली से आगरा स्थित अपने पैतृक आवास पर पहुंचे। जहां उन्होंने अपने माता-पिता का आशीर्वाद लिया।
--आईएएनएस
पीएसके