ओवैसी का ममता बनर्जी से सवाल, अल्पसंख्यकों को राजनीतिक नेतृत्व क्यों नहीं दिया?
दुर्गापुर, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी बढ़ रही है। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी बंगाल पहुंच गए हैं। वह तीन दिनों तक यहां रहेंगे और अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के पक्ष में चुनावी प्रचार करेंगे।
दुर्गापुर में मीडिया से बातचीत करते हुए ओवैसी ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा दोनों पर एक साथ निशाना साधा। उन्होंने कहा कि न तो भाजपा और न ही तृणमूल कांग्रेस, दोनों ही मुस्लिम समुदाय की स्वतंत्र राजनीतिक एजेंसी को बर्दाश्त करती हैं।
ओवैसी ने कहा कि ममता बनर्जी को पहले यह बताना चाहिए कि उन्होंने बंगाल में मुसलमानों की हालत क्यों इतनी खराब रखी और उन्हें राजनीतिक नेतृत्व क्यों नहीं दिया।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 50-60 वर्षों से बंगाल में सेक्युलर सरकारें सत्ता में रही हैं, लेकिन मुस्लिम अल्पसंख्यक समुदाय की शिक्षा, सामाजिक और आर्थिक स्थिति अभी भी बहुत खराब है। अल्पसंख्यकों को स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व चाहिए।
ओवैसी ने कहा कि सरकारी आंकड़े भी यही बताते हैं कि अल्पसंख्यक समुदाय, खासकर मुसलमानों की हालत बहुत खराब है। जब तक अल्पसंख्यकों के पास अपना स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व नहीं होगा, तब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा। हमारा प्रयास एक मजबूत मुस्लिम राजनीतिक एजेंसी बनाने का है।
उन्होंने कहा कि इस बार हमें बहुत उम्मीदें हैं। मैं अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करने आया हूं और अगले तीन दिनों तक यहां रहूंगा। हम छह-सात निर्वाचन क्षेत्रों को कवर करेंगे और फिर दूसरे चरण के लिए वापस आएंगे। हमें उम्मीद है कि इस बार हमें सफलता मिलेगी।
हुमायूं कबीर के आरोपों पर ओवैसी ने कहा कि हमें कभी टीएमसी से जोड़ा जाता है, कभी भाजपा से। हमें और कितनी पार्टियों से जोड़ा जाएगा? हम अपना काम करते रहेंगे। बंगाल में मुस्लिम समुदाय की सत्यनिष्ठा और ईमानदारी पर सवाल उठाने की किसी भी कोशिश को हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।
मशहूर गायिका आशा भोसले के निधन पर असदुद्दीन ओवैसी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे भारत की एक मशहूर गायिका थीं। हम उनके परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी