×

ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में 350 डीबीडब्ल्यू पदों पर भर्ती, 25 अप्रैल तक करें आवेदन

 

भोपाल, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया ने कार्यकाल के आधार पर डेंजर बिल्डिंग वर्कर (डीबीडब्ल्यू) के कुल 350 पदों पर भर्ती के लिए ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है, जिसके लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 4 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 25 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले कैंडिडेट्स के पास राष्ट्रीय शिक्षुता प्रमाणपत्र और एनसीवीटी एनएसी केमिकल प्लांट में अटेंडेंट ऑपरेटर (एसीओपी) या फीडर ट्रेड (आईएमसीपी, एमएमसीपी, एलएसीपी, पीपीओ, फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, शीट मेटल वर्कर, इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक, बॉयलर अटेंडेंट, रेफ्रिजरेशन और एयर कंडीशनिंग मैकेनिक, आदि) रखने वाले आवेदन कर सकते हैं। वहीं, आयुध कारखानों के एसीओपी ट्रेड अप्रेंटिसों को प्राथमिकता दी जाएगी।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 25 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन एनसीटीवीटी (एनएसी) और ट्रेड टेस्ट/प्रैक्टिकल टेस्ट में प्राप्त अंक और योग्यता क्रम के अनुसार किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 19,900 रुपए प्रति महीने होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'मुख्य महाप्रबंधक, आयुध कारखाना खमारिया, जिला: जबलपुर, मध्य प्रदेश, पिन कोड -482005' पते पर डाक कर दें। वहीं, कैंडिडेट्स जमा किए गए आवेदन पत्र की एक फोटोकॉपी भविष्य के संदर्भ के लिए जरूर सुरक्षित रखें।

इसी के साथ उम्मीदवारों को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया की ओर से जारी डिटेल्ट नोटिफिकेशन को चेक करने की सलाह दी जाती है।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी