☰
×

ऑपरेशन सिंदूर होगा भविष्य के युद्ध का टेम्प्लेट, वीडियो में CDS बोले- तीनों सेनाएं मिलकर करेंगी कार्रवाई

 

चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर भविष्य में लड़े जाने वाले युद्धों का टेम्प्लेट है। आने वाले समय में युद्ध लड़ने का तरीका पूरी तरह बदलने वाला है। अब तीनों सेनाएं यानी थल सेना, नौसेना और वायुसेना अलग-अलग काम करने के बजाय एक साझा योजना के तहत एक साथ कार्रवाई करेंगी। तीनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल, आधुनिक तकनीक और तेजी से फैसले लेने की क्षमता ही भविष्य के युद्धों में जीत का आधार बनेगी।

दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान CDS ने कहा कि अब युद्ध केवल सीमा पर जमीन तक सीमित नहीं रहेंगे। आने वाले समय में लड़ाई जमीन, आसमान, समुद्र, अंतरिक्ष, संचार तंत्र और मानसिक स्तर पर एक साथ लड़ी जाएगी। जो देश इन सभी क्षेत्रों को आपस में जोड़कर सबसे तेजी से कार्रवाई करने में सक्षम होगा, वही युद्ध में बढ़त हासिल करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य के युद्धों में केवल सैन्य ताकत या हथियारों की संख्या निर्णायक नहीं होगी, बल्कि अलग-अलग सैन्य संसाधनों के बीच तालमेल ज्यादा महत्वपूर्ण होगा।

सैटेलाइट से लेकर हथियार तक एक साथ काम करेंगे

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/wSvhwebyp7k?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/wSvhwebyp7k/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

CDS ने भविष्य के युद्धों में तकनीक की भूमिका को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अब केवल आधुनिक हथियार होना पर्याप्त नहीं है। जरूरत ऐसी एकीकृत व्यवस्था की है, जिसमें निगरानी, सूचना, संचार और हमला करने वाले सभी सिस्टम आपस में जुड़े हों।इस व्यवस्था में एक सैटेलाइट दुश्मन के ठिकाने या निशाने की पहचान करेगा, दूसरा सिस्टम उस जानकारी की पुष्टि करेगा। इसके बाद संचार तंत्र संबंधित जानकारी को सही जगह तक पहुंचाएगा। अंत में जमीन, हवा, समुद्र या समुद्र के नीचे मौजूद कोई हथियार उस लक्ष्य पर हमला कर सकेगा। इस पूरी प्रक्रिया में अलग-अलग सैन्य इकाइयों के बीच तालमेल और तेजी सबसे अहम होगी।

लगातार बदलती तकनीक से बदल रहा युद्ध का स्वरूप

जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कि युद्ध का स्वरूप मुख्य रूप से तेजी से बदलती तकनीक के कारण बदल रहा है। तकनीकी बढ़त हमेशा के लिए नहीं रहती। आज जो हथियार सबसे आधुनिक है, संभव है कि कल वह पुराना पड़ जाए। इसलिए भारत को लगातार नई तकनीक विकसित करने और अपनी सैन्य क्षमताओं में सुधार करने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि जो देश रोजाना नई तकनीक विकसित नहीं करेगा और बदलती परिस्थितियों के अनुसार खुद को तैयार नहीं करेगा, वह दूसरे देशों से पीछे रह जाएगा। भविष्य में सैन्य ताकत बनाए रखने के लिए तकनीकी आत्मनिर्भरता बेहद जरूरी होगी।

भारत को दूसरे देशों की नकल नहीं करनी चाहिए

CDS ने भारत के लिए अलग युद्ध मॉडल विकसित करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत को अपना टेम्प्लेट तैयार करना होगा। अमेरिका, चीन या रूस जिस तरीके से युद्ध लड़ते हैं, उसे ज्यों का त्यों भारत पर लागू नहीं किया जा सकता।भारत की भौगोलिक परिस्थितियां, सुरक्षा चुनौतियां, दुश्मन, रक्षा बजट और खतरे दूसरे देशों से अलग हैं। ऐसे में भारत को अपनी जरूरतों के हिसाब से सैन्य रणनीति और तकनीकी क्षमता विकसित करनी होगी।उनके बयान से साफ है कि भविष्य की सैन्य तैयारी में तीनों सेनाओं का संयुक्त संचालन, आधुनिक तकनीक और स्वदेशी रक्षा प्रणालियां महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। ऑपरेशन सिंदूर को इसी दिशा में भविष्य के युद्धों के लिए एक महत्वपूर्ण मॉडल के रूप में देखा जा रहा है।