'ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते' के तहत आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, बरहरवा स्टेशन से तीन नाबालिगों को बचाया
मालदा, 24 जून (आईएएनएस)। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे 'ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते' के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए बरहरवा रेलवे स्टेशन से तीन नाबालिगों को सुरक्षित बचाया है। ये बच्चे संदिग्ध परिस्थितियों में स्टेशन परिसर में अकेले घूमते मिले थे। आरपीएफ की सतर्कता से उन्हें संभावित खतरे से बचाया गया और आगे की देखभाल के लिए बाल सहायता संस्था को सौंप दिया गया।
मालदा डिवीजन की आरपीएफ यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों की रोकथाम और बच्चों को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से लगातार निगरानी और विशेष अभियान चला रही है। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन और आरपीएफ मालदा के सहायक सुरक्षा आयुक्त/प्रभारी बरुन कुमार बेहरा की देखरेख में संचालित किया जा रहा है।
आरपीएफ के अनुसार, 24 जून को बरहरवा रेलवे स्टेशन पर नियमित जांच और गश्त के दौरान आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के अधिकारियों और जवानों ने सुबह करीब 5:05 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पास तीन नाबालिग लड़कों को अकेले घूमते हुए देखा। उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर आरपीएफ कर्मियों ने पूछताछ की।
पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे अपने माता-पिता को बिना बताए घर से निकल आए थे। वे मजदूरी का काम करने के उद्देश्य से दिल्ली जाने के लिए बरहरवा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। कम उम्र और असुरक्षित स्थिति को देखते हुए आरपीएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों बच्चों को अपने संरक्षण में लिया।
इसके बाद नाबालिगों को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया और उनकी सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। मामले की जानकारी मंथन, राजमहल, साहिबगंज के प्रतिनिधियों को दी गई। बच्चों की काउंसलिंग और जरूरी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद उन्हें उचित देखभाल, सुरक्षा, परामर्श और आगे की सहायता के लिए मंथन के प्रतिनिधियों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया।
आरपीएफ मालदा डिवीजन ने कहा कि यह कार्रवाई कमजोर और असहाय यात्रियों, विशेषकर बच्चों की सुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। रेलवे के माध्यम से होने वाली मानव तस्करी, असुरक्षित पलायन और बच्चों के शोषण को रोकने के लिए आरपीएफ लगातार निगरानी अभियान चला रही है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों और आम लोगों से अपील की है कि वे रेलवे स्टेशन या ट्रेनों में किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत आरपीएफ कर्मचारियों को दें या उपलब्ध रेलवे हेल्पलाइन के माध्यम से सूचित करें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम