ऑपरेशन क्रिस्टल हंट: एनसीबी ने ग्रेटर नोएडा में दो अवैध ड्रग प्रयोगशालाओं का किया भंडाफोड़, 2 गिरफ्तार
लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले के जहानाबाद कदलपुर गांव में दो अवैध ड्रग-निर्माण प्रयोगशालाओं का भंडाफोड़ किया है। ये दोनों प्रयोगशालाएं किराये की जगहों से चलाई जा रही थीं, जिन्हें सिंथेटिक ड्रग्स बनाने और उनकी प्रोसेसिंग के लिए तैयार किया गया था।
इस ऑपरेशन के दौरान 379.740 किलोग्राम एम्फेटामाइन युक्त सामग्री (जिसमें 4.260 किलोग्राम क्रिस्टलीय, 157.700 किलोग्राम सेमी-क्रिस्टलीय और 217.780 किलोग्राम तरल पदार्थ शामिल है) तथा 10 किलोग्राम स्यूडोएफेड्रिन बरामद की गई।
बरामद क्रिस्टलीय और सेमी क्रिस्टलीय सामग्री से लगभग 56 किलोग्राम तैयार क्रिस्टलीय एम्फेटामाइन बनने का अनुमान है, जिसकी अवैध बाजार में कीमत लगभग 45 करोड़ रुपए हो सकती है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में ऐसे रसायन भी जब्त किए गए हैं, जिनका उपयोग मेथाम्फेटामाइन बनाने में किया जाता है। इनमें हाइड्रोक्लोरिक एसिड, एसीटोन, टोल्यूनि, सल्फ्यूरिक एसिड, पोटेशियम परमैगनेट आदि शामिल हैं।
इन जगहों पर रसायनों की प्रोसेसिंग के लिए व्यापक इंतजाम थे, जिनमें बड़ी क्षमता वाले हीटिंग मैंटल, कांच के रिएक्शन वेसल (पात्र), रसायनों को रखने के ड्रम, फिल्ट्रेशन उपकरण, वजन करने वाली मशीनें, रेस्पिरेटर (श्वसन उपकरण) और प्रयोगशाला के अन्य उपकरण मौजूद थे।
इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान डेस्टिनी अब्राहम डंबिरी, जिसने खुद को नाइजीरियाई बताया है और मिजोरम की रहने वाली लल्लावमज़ुआली उर्फ ओलिविया लालचाविमावी के रूप में हुई है।
इमिग्रेशन रिकॉर्ड से पता चलता है कि डेस्टिनी अब्राहम डंबिरी जनवरी 2020 में भारत आया था। उसने सिएरा लियोन के नागरिक 'फ्रांसिस कालोकोह' के रूप में प्रवेश किया था और उसके पास दिसंबर 2020 तक वैध टूरिस्ट वीजा था।
दूसरी आरोपी, ओलिविया को पहले भी डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई), गोवा द्वारा जांचे गए एक मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। मार्च 2026 में गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट पर उसके चेक-इन सामान से 313 ग्राम हेरोइन युक्त पाउडर जब्त किया गया था। वह फिलहाल जमानत पर बाहर है।
यह मौजूदा ऑपरेशन, अक्टूबर 2024 में गौतम बुद्ध नगर के कासना इंडस्ट्रियल एरिया में एनसीबी द्वारा एक गुप्त सिंथेटिक ड्रग लैब का भंडाफोड़ किए जाने के बाद शुरू हुआ है। वहां से लगभग 95.5 किलोग्राम सिंथेटिक ड्रग्स जब्त किए गए थे। उस जांच में मैक्सिकन ड्रग कार्टेल 'कार्टेल डी जलिस्को नुएवा जेनेरासियन' (सीजेएनजी) के साथ संदिग्ध संबंधों का पता चला था। इस मामले में एक मैक्सिकन नागरिक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
एनसीबी इस नेटवर्क के वित्तीय लेन-देन, रसायनों की खरीद और वितरण कड़ियों का पता लगा रही है ताकि इसके फाइनेंसरों, आपूर्तिकर्ताओं, तकनीकी सहयोगियों और अन्य साथियों की पहचान की जा सके। आगे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं और अंतरराज्यीय तथा अंतरराष्ट्रीय संबंधों की भी जांच की जा रही है।
--आईएएनएस
डीके/वीसी