ओपी राजभर पर सपा सांसद हरेंद्र मलिक का पलटवार, कहा- उनके बयान पार्टी के लिए शुभ संकेत
मुजफ्फरनगर, 8 सितंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के सांसद हरेंद्र मलिक ने कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके बयान समाजवादी पार्टी के लिए शुभ संकेत हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले ओपी राजभर भाजपा की आलोचना करते थे और बाद में भाजपा की सरकार बनी, उसी तरह अब वह सपा पर निशाना साध रहे हैं, जिससे आगामी चुनावों में समाजवादी पार्टी को फायदा मिलेगा।
हरेंद्र मलिक ने कहा कि ओपी राजभर को शायद यह भी याद नहीं होगा कि उन्होंने चुनाव के दौरान किस नेता के बारे में क्या बयान दिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जो स्क्रिप्ट तैयार करती है, उसके सहयोगी दलों के नेता वही बातें दोहराते हैं।
सपा सांसद ने कहा कि भाजपा के साथ रहने वाले दलों के नेताओं को पार्टी नेतृत्व की इच्छा के मुताबिक बयान देने पड़ते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी उनके बयानों को गंभीरता से नहीं लेती और जनता भी उन्हें विशेष महत्व नहीं देती।
हरेंद्र मलिक ने कहा कि ओम प्रकाश राजभर को समाजवादी पार्टी की चिंता करने के बजाय अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी देश में सांप्रदायिक माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि समाज में सांप्रदायिक तनाव बढ़ता है तो उसका नुकसान सभी को होगा। इसलिए राजनीतिक दलों को समाज को जोड़ने और भाईचारा बनाए रखने का काम करना चाहिए।
मुजफ्फरनगर में लगाए गए दंगों से जुड़े पोस्टरों के मुद्दे पर हरेंद्र मलिक ने कहा कि पुलिस को इसकी निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पोस्टर लगाने वाले लोगों की पहचान वाहन नंबर और अन्य तकनीकी माध्यमों से की जानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। उनके अनुसार, ऐसे मामलों में कानून का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए ताकि समाज में तनाव फैलाने की कोशिशों पर रोक लग सके।
सपा सांसद ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न तो लोगों को सस्ती दवाइयां उपलब्ध करा पा रही है और न ही शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बना पा रही है।
उन्होंने किसानों के मुद्दों का भी जिक्र करते हुए कहा कि किसानों की मांगों को पूरा नहीं किया गया और शहीद किसानों के परिवारों को भी पर्याप्त सहायता नहीं मिल सकी। मलिक ने आरोप लगाया कि इन मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए सांप्रदायिक मुद्दों को उछाला जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि प्रदेश और देश में सांप्रदायिक सौहार्द, भाईचारा और सामाजिक एकता बनाए रखें। उनका कहना था कि देश और समाज सुरक्षित रहेगा तभी सभी का भविष्य सुरक्षित रहेगा।
2002 के दंगों से जुड़े पोस्टरों पर प्रतिक्रिया देते हुए हरेंद्र मलिक ने कहा कि इतने वर्षों तक इन घटनाओं की चर्चा नहीं हुई और अब अचानक इन्हें फिर से उठाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों का नाम दंगों से जोड़ा गया था, उनकी वर्तमान स्थिति की भी समीक्षा की जानी चाहिए।
--आईएएनएस
एएमटी/डीएससी