सावन के पहले सोमवार पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, वीडियो में जाने बैद्यनाथ धाम में 5 किमी लंबी कांवड़ियों की कतार; महाकाल की सवारी नए मार्ग से निकलेगी
सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर देशभर के शिव मंदिरों और ज्योतिर्लिंगों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सुबह से ही भक्त भगवान भोलेनाथ के दर्शन, जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं। हर तरफ हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंज रहे हैं। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम में सावन के पहले सोमवार को भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। यहां कांवड़ियों की कतार करीब 5 किलोमीटर लंबी हो गई है। दूर-दूर से पहुंचे श्रद्धालु गंगाजल लेकर बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए घंटों इंतजार कर रहे हैं।वहीं, बिहार के बांका स्थित बाबा ज्येष्ठ गौर नाथ महादेव मंदिर में भी भक्तों का उत्साह देखने को मिला। भगवान शिव को जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालु रात करीब 2 बजे से ही लाइन में लग गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, सावन के पहले सोमवार पर मंदिर में करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मंदिर प्रशासन की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
उज्जैन में बाबा महाकाल की सवारी नए मार्ग से निकलेगी
मध्य प्रदेश के उज्जैन में सावन के पहले सोमवार पर बाबा महाकाल की विशेष सवारी निकाली जाएगी। इस बार बाबा महाकाल की सवारी नए बने रास्ते से गुजरेगी। सवारी शाम 4 बजे से शुरू होगी। इसे लेकर प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।महाकाल मंदिर में भी सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। भक्तों ने भगवान शिव का अभिषेक कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
काशी विश्वनाथ मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में भी सावन के पहले सोमवार पर हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। श्रद्धालु घंटों इंतजार कर भगवान शिव के दर्शन और पूजा के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।
मुजफ्फरनगर में 3 से 10 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज बंद
कांवड़ यात्रा को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी स्कूल और कॉलेज 3 अगस्त से 10 अगस्त तक बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।सावन के पहले सोमवार पर देशभर में शिवभक्ति का विशेष माहौल देखने को मिल रहा है। मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है और प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। भक्त भगवान शिव की आराधना कर आशीर्वाद की कामना कर रहे हैं।