×

ओम प्रकाश राजभर ने हाजी शौकत अली के बयान पर साधा निशाना, बोले-देश संविधान से चलता है

 

लखनऊ, 24 मार्च (आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एआईएमआईएम के यूपी चीफ हाजी शौकत अली के विवादास्पद बयान, विधायक पूजा पाल की टिप्पणियों और प्रधानमंत्री मोदी के इथेनॉल-मिश्रण संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त की।

मेरठ में हाजी शौकत अली ने कहा था कि हमें 11 विधायक दे दो, फिर एनकाउंटर करने वालों का भी एनकाउंटर होगा। इस बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "देश संविधान के अनुसार चल रहा है और कानून का राज है। लोकतंत्र में यह बहुमत मायने रखता है। आप ऐसे दावे तभी कर सकते हैं जब आप सरकार बनाएं। आप केवल विरोध में आवाज उठा सकते हैं, लेकिन उससे आगे आप कुछ नहीं कर सकते।"

एक सवाल के जवाब में राजभर ने कहा, "कहां लिखा है कि नमाज सड़कों पर ही अदा की जानी चाहिए? कावड़ यात्रा घर में तो निकलेगी नहीं, यह तो सड़कों पर ही निकलेगी। रामनवमी का जुलूस भी सड़कों पर ही निकलेगा।"

सपा की बागी विधायक पूजा पाल ने कहा है, “सपा के संरक्षण में अतीक अहमद जैसे लोग मजबूत हुए और उन्होंने समाज को नुकसान पहुंचाया। अतीक अहमद सिर्फ एक अपराधी नहीं था, बल्कि उसने कई युवाओं का भविष्य खराब किया।” पूजा पाल के इस बयान पर मंत्री राजभर ने कहा, "समाजवादी पार्टी ने गुंडों को संरक्षण दिया, लेकिन आम जनता को नहीं। इसलिए हम पूजा पाल के बयान से सहमत हैं। ईरान के सुप्रीम लीडर के मारे जाने पर भारत में कुछ लोग मातम मना रहे हैं। ऐसे में फिल्म धुरंधर-2 में जो दिखाया जा रहा है, वह सही है।"

राजभर ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के 145 करोड़ लोगों की जिम्मेदारी उठाए हुए हैं, इसलिए वह प्रयास कर रहे हैं कि कहीं भी तेल और एलपीजी की दिक्कत न हो।"

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के बिजली संयंत्रों पर हमलों को 5 दिनों के लिए स्थगित करने की घोषणा पर मंत्री ने कहा, "युद्ध से दोनों देशों की क्षति हो रही है। पड़ोसी देश में रहने वाले लोगों को भी दिक्कत हो रही है। युद्ध रोकने की अच्छी पहल है। मेरा मानना है कि दोनों देश समझौता कर अपने-अपने देश के विकास के लिए काम करें।"

--आईएएनएस

ओपी/वीसी