ऑयल इंडिया में नौकरी का अवसर, फील्ड असिस्टेंट पदों पर निकली भर्ती, जानें चयन प्रक्रिया की पूरी डिटेल
मुंबई, 9 मई (आईएएनएस)। ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। ओआईएल ने संविदात्मक आधार पर फील्ड असिस्टेंट (भूमि) के रिक्त 5 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इन पदों में अनारक्षित (यूआर) के 3, एसटी का 1 और ओबीसी (एनसीएल) का 1 पद शामिल हैं।
ऑयल इंडिया की ओर से जारी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन व्यक्तिगत मूल्यांकन, योग्यता/पासिंग अंक, व्यावसायिक ज्ञान और कौशल, व्यक्तिगत गुण और व्यवहार कौशल का मूल्यांकन और अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की निश्चित सैलरी 21,450 रुपए प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को प्रत्येक कार्य दिवस के लिए अतिरिक्त 825 रुपए वेरिएबल पे के तौर पर दिए जाएंगे।
फील्ड असिस्टेंट पद पर नियुक्त होने की इच्छा रखने वाले युवाओं के पास सरकारी विभाग से लॉट मंडल/भूमि अभिलेख सहायता का योग्य अभिलेखपाल प्रमाणपत्र श्रेणी पाठ्यक्रम (आरसीसीसी) होना चाहिए या कैंडिडेट्स का सरकारी मान्यता प्राप्त बोर्ड से एचएसएलसी परीक्षा या समकक्ष परीक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
इसी के साथ उम्मीदवारों के पास किसी भी प्रतिष्ठित सरकारी/सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम/सार्वजनिक/निजी क्षेत्र के संगठन में कम से कम 10 वर्ष का कार्य अनुभव होना चाहिए, जो भूमि अधिग्रहण में संलग्न हो, जिसमें भूमि सर्वेक्षण/भूमि अधिग्रहण और राजस्व संबंधी मामले शामिल हों, लेकिन इन्हीं तक सीमित न हों। साथ ही राजस्व अधिकारियों के साथ संपर्क भी शामिल हो।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 25 वर्ष और अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है। वहीं आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वॉक-इन व्यक्तिगत मूल्यांकन 28 मई को 'दुलियाजान क्लब, ऑयल इंडिया लिमिटेड, दुलियाजान' पते पर आयोजित किए जाएंगे। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार व्यक्तिगत मूल्यांकन के लिए उपस्थित होना चाहते हैं, उनके लिए निर्धारित स्थान पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया उसी दिन सुबह 7 बजे से 9 बजे की बीच जारी रहेगी। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स की मूल कॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।
कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए ओआईएल की ओर से संबंधित पदों के लिए जारी डिटेल्ड नोटिफिकेशन ऑफिशियल वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी