×

ओआईएल भर्ती अलर्ट: एचएमवी ऑपरेटर के 16 पदों पर निकली वैकेंसी, जानें चयन प्रक्रिया

 

नई दिल्ली, 11 मई (आईएएनएस)। ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) ने असम और अरुणाचल प्रदेश के निवासियों के लिए फील्ड मुख्यालय, दुलियाजान में तत्काल नियुक्ति के लिए संविदा आधार पर भारी मोटर वाहन (एचएमवी) ऑपरेटर के कुल 16 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। इन पदों में यूआर के 8, एससी के 1, एसटी के 2, ओबीसी (एनसीएल) के 4, और ईडब्ल्यूएस के 1 पद शामिल हैं।

ओआईएल की ओर से जारी पदों पर पात्र अभ्यर्थियों का चयन 100 अंकों के लिए आयोजित की जाने वाली वॉक-इन पर्सनल असिस्टेंट (व्यक्तिगत मूल्यांकन), योग्यता/उत्तीर्ण अंक, पेशेवर ज्ञान और कौशल एवं अंतिम मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को 24,960 रुपए वेतन प्रतिमाह और प्रत्येक कार्य दिवस के लिए 960 रुपए वेरिएबल पे दिया जाएगा।

एचएमवी पद पर नियुक्त होने के लिए कैंडिडेट का सरकारी मान्यता प्राप्त शिक्षा बोर्ड/विश्वविद्यालय से किसी भी स्ट्रीम में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण होना चाहिए। इसी के साथ आवेदक के पास मोटर वाहन अधिनियम, 1988 और उसके संशोधनों तथा केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 और उसके संशोधनों के अनुसार सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी किया गया वैध व्यावसायिक भारी मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस (ट्रांस श्रेणी ड्राइविंग लाइसेंस) होना अनिवार्य है।

व्यावसायिक भारी मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस (ट्रांस श्रेणी ड्राइविंग लाइसेंस) की जारी तिथि कम से कम 4 वर्ष पुरानी होनी चाहिए। इसके अलावा उम्मीदवार के पास भारी वाहन चलाने का न्यूनतम 3 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु सामान्य वर्ग के लिए 40 वर्ष, ओबीसी (एनसीएल) के लिए 43 वर्ष, और एससी/एसटी के लिए 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 25 मई के आधार पर की जाएगी।

25 मई को 'दुलियाजन क्लब, ऑयल इंडिया लिमिटेड, दुलियाजन' पते पर व्यक्तिगत मूल्यांकन किया जाएगा। इससे पहले इसी दिन सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की जाएगी। ऐसे में जो इच्छुक उम्मीदवार व्यक्तिगत मूल्यांकन के लिए उपस्थित होने वाले हैं। उन्हें पंजीकरण के लिए समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स की मूल कॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ओआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी नोटिफिकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद अधिसूचना में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें।

--आईएएनएस

डीके/वीसी