☰
×

ओडिशा में दमन अभियान के दौरान 346 गिरफ्तार; 1448 गैर-जमानती वारंट तामील

 

कटक, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओडिशा पुलिस ने त्योहारी सीजन से पहले राज्यभर में अपराधियों, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों के खिलाफ विशेष 'दमन' अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान पुलिस ने 346 लोगों को गिरफ्तार किया और 1448 गैर-जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) तामील कराए। इसके अलावा आबकारी कानून के तहत 1707 और नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) एक्ट के तहत 89 मामले दर्ज किए गए।

पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनयतोष मिश्रा के निर्देश पर 21 सितंबर को इस विशेष अभियान की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य आगामी त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही नशीले पदार्थों और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाना है। इस अभियान में जिला पुलिस, कमिश्नरेट पुलिस, रेलवे पुलिस और राज्य की अन्य पुलिस इकाइयों ने मिलकर कार्रवाई की।

अभियान के दौरान भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 129 के तहत 1012 लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की गई। नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत 89 मामले दर्ज कर 109 लोगों को गिरफ्तार किया। इस दौरान करीब 8.13 टन गांजा जब्त किया गया और गांजे के 19,387 पौधों को नष्ट किया गया। इसके अलावा 394.645 ग्राम ब्राउन शुगर और कफ सिरप की 1066 बोतलें भी जब्त की गईं।

आबकारी कानून के उल्लंघन के खिलाफ अभियान में पुलिस ने 1707 मामले दर्ज कर 140 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई में 10,298.24 लीटर अवैध देसी शराब, 2,922.409 लीटर विदेशी शराब, 1,092.54 लीटर आस्का-40, 800 किलो फर्मेंटेड वॉश और 81 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।

जुए के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। कुल 46 मामले दर्ज कर 67 लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 4,36,086 रुपए जब्त किए गए। वसूली के मामलों में पुलिस ने 16 केस दर्ज किए और 12 लोगों को गिरफ्तार किया। इन मामलों में 10,520 रुपए भी जब्त किए गए। अवैध हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक रखने के मामले में छह केस दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान पांच आग्नेयास्त्र, एक रिवॉल्वर, चार कारतूस, एक मैगजीन, 2.5 किलो बारूद और दो तलवारें जब्त की गईं।

संगठित अपराध के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सात मामले दर्ज किए और 18 लोगों को गिरफ्तार किया।

अपराधियों की आवाजाही और नशीले पदार्थों, शराब, हथियारों समेत अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए पुलिस ने 1,830 स्थानों पर नाकाबंदी और सीमा सील करने की कार्रवाई की। अंतर-जिला और अंतरराज्यीय मार्गों पर भी सुरक्षा जांच बढ़ाई गई।

डीजीपी विनयतोष मिश्रा ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध पर नियंत्रण और त्योहारों के दौरान लोगों को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल देने के लिए आने वाले दिनों में भी कार्रवाई और निवारक पुलिसिंग जारी रहेगी।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी