लू: ओडिशा में लू के चलते 27 अप्रैल से स्कूलों में गर्मियों की छुट्टियों की घोषणा
भुवनेश्वर, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। ओडिशा में पड़ रही तेज गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने स्कूलों की गर्मी की छुट्टियां पहले ही घोषित कर दी हैं।
यह फैसला बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। सरकार ने स्कूल और जन शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब राज्य के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 27 अप्रैल से बंद रहेंगे।
हालांकि, पहले से तय परीक्षाएं, जनगणना से जुड़े काम और अन्य सरकारी कार्य अपने निर्धारित समय पर ही होंगे। इस समय ओडिशा में भीषण गर्मी पड़ रही है। कई जगहों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा हो चुका है, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद तापमान में 2–3 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। विभाग ने कुछ जिलों जैसे बोलांगीर, झारसुगुड़ा, संबलपुर, क्योंझर और खुर्दा में हीटवेव (लू) का येलो अलर्ट भी जारी किया है।
गुरुवार को ओडिशा के 24 शहरों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें झारसुगुड़ा और तालचेर सबसे गर्म रहे, जहां तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इसी तरह, शुक्रवार को सुबह 11:30 बजे तक ही झारसुगुड़ा में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था। राज्य के कई अन्य इलाकों में भी तापमान इसी के आसपास बना हुआ था।
गर्मी इतनी तेज है कि सुबह 11 बजे के बाद ही सड़कों पर भीड़ बहुत कम हो गई। भीषण लू से बचने के लिए ज्यादातर लोग अपने घरों के अंदर ही रहे। राज्य के कई हिस्सों में लू लगने के मामले भी सामने आ रहे हैं। इसी स्थिति को देखते हुए कई जिलों के कलेक्टरों ने पहले ही स्कूलों में कक्षाएं स्थगित कर दी थीं।
इसके अलावा, बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सरकार ने जनगणना करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। अब सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जनगणना का काम रोक दिया गया है।
--आईएएनएस
पीएम