×

ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय में गेस्ट फैकल्टी के कई पदों पर भर्ती का अवसर, 1 सितंबर को वॉक-इन इंटरव्यू

 

भुवनेश्वर , 31 अगस्त (आईएएनएस)। शैक्षणिक क्षेत्र से जुड़े जो लोग देश के किसी प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय में नौकरी करने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। दरअसल, ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूओ) ने रसद एवं आपूर्ति श्रृंखला प्रबंधन विषय/विभाग में गेस्ट फैकल्टी के कुल 4 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।

ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय की ओर से गेस्ट फैकल्टी पोस्ट के लिए जारी रिक्तियों में मानव संसाधन प्रबंधन (एचआरएम) में 1, मार्केटिंग में 1 और सामान्य प्रबंधन में 2 पद शामिल हैं।

गेस्ट फैकल्टी के इन पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को प्रति लेक्चर 1,500 रुपए और अधिकतम 50,000 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे।

वॉक-इन इंटरव्यू 1 सितंबर को सुबह 11 बजे से 'गेस्ट हाउस, सीयूओ मुख्य कैंपस, एनएडी-सुनाबेदा, कोरापुट, ओडिशा' पते पर आयोजित किए जाएंगे, जिसके लिए उम्मीदवारों को समय से केंद्र पर पहुंचने के अलावा अपने साथ भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी को साथ ले जाने की सलाह दी जाती है।

इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी या संस्थान से संबंधित स्पेशलाइजेशन में 55 प्रतिशत मार्क्स (या जहां ग्रेडिंग सिस्टम लागू हो, वहां पॉइंट-स्केल में इसके बराबर ग्रेड) के साथ मास्टर्स डिग्री और ऊपर बताई गई योग्यताओं को पूरा करने के अलावा, उम्मीदवारों का यूजीसी या सीएसआईआर द्वारा आयोजित नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट (नेट) पास होना जरूरी है या उनके पास पीएचडी या यूजीसी द्वारा मान्यता प्राप्त स्लेट/सेट जैसा कोई टेस्ट पास किया हुआ होना चाहिए।

आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले ओडिशा केंद्रीय विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित रिक्तियों के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी