ओडिशा के ढेंकानाल में शादी से लौट रही गाड़ी तालाब में गिरी, पांच की मौत
ढेंकानाल, 23 जुलाई (आईएएनएस)। ओडिशा के ढेंकानाल जिले में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह से लौट रहे युवकों की गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। इस हादसे में पांच युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि दो अन्य को सुरक्षित निकाल लिया गया। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
यह हादसा ढेंकानाल सदर थाना क्षेत्र के छतिया गांव में हुआ। पुलिस के अनुसार, शादी समारोह में शामिल होकर युवक लौट रहे थे। वह अचानक चालक का नियंत्रण खो बैठा और सीधे तालाब में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में सात युवक मौजूद थे।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद दो युवकों को जीवित निकाला, लेकिन बाकी पांच युवक पानी में डूब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान चालक चंद्रकांत स्वाइन, अभिनाश साहू, राकेश साहू, श्रीराम साहू और अभिजीत साहू के रूप में हुई है। इनमें चंद्रकांत स्वाइन, अभिनाश साहू, राकेश साहू और श्रीराम साहू ढेंकानाल जिले के मोतांगा क्षेत्र के बंगुरिसिंह गांव के रहने वाले थे, जबकि अभिजीत साहू सिमिनाई गांव का निवासी था। पुलिस के मुताबिक, सभी मृतकों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच थी।
सभी युवक मोतांगा के बंगुरिसिंह से इंदीपुर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में घायल दोनों युवकों को तुरंत ढेंकानाल जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है कि वाहन तालाब में कैसे गिरा और हादसे की असली वजह क्या थी। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि वाहन के अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
--आईएएनएस
वीकेयू/वीसी