☰
×

ओडिशा: जाजपुर की बैतरणी नदी में डूबने से पति-पत्नी की मौत

 

भुवनेश्वर, 12 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा के जाजपुर से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां बैतरणी नदी के दशाश्वमेध घाट पर स्नान करते समय दंपति डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान आंध्र प्रदेश के एम. श्रीवासुलु और एन. देवी के रूप में हुई है, जो जाजपुर घूमने आए थे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, स्थानीय लोगों ने दंपति को डूबते हुए देखा और उन्हें बचाने की कोशिश की। सूचना मिलने पर फायर सर्विस के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें जाजपुर जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दोनों के परिजनों की घटना की सूचना दे दी है।

वहीं, एक दिन पहले राजस्थान के बीकानेर जिले के छतरगढ़ थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के चार बच्चों की डिग्गी (जलाशय) में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा 4 एडब्ल्यूएम क्षेत्र में हुआ। यहां एक डिग्गी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 21 वर्षीय मुकेश, 18 वर्षीय निर्मल, मनोज और 14 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमेश और कालूराम सगे भाई हैं तथा मृतक बच्चे उनके परिवार से संबंधित थे। इनमें रमेश के तीन और कालूराम का एक बच्चा शामिल है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डिग्गी में एक बच्चे के डूबने पर अन्य उसे बचाने के लिए पानी में उतरे, लेकिन एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में चारों की जान चली गई।

इस घटना को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बनवारी लाल मीणा ने बताया, "छतरगढ़ थाना क्षेत्र से लगभग दो किमी की दूरी पर सोना राम मेघवाल का एक खेत है, जिसे रमेश नायक ने लीज (पट्टे) पर लिया हुआ है। बुधवार सुबह रमेश की लगभग 14 साल की बेटी पूजा नायक पानी निकालते समय फिसलकर जलाशय में गिर गई। उसे बचाने के लिए उसके दो सगे भाई, मुकेश और मनोज, भी जलाशय में कूद गए। उनके साथ कालूराम का बेटा निर्मल भी उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद गया। हालांकि, वे उसे बचा नहीं सके। पुलिस 20 से 25 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। तब तक उनमें से एक की मौत हो चुकी थी, जबकि बाकी तीनों को बहुत कमजोर नब्ज के साथ अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।"

--आईएएनएस

डीकेपी/