एनपीसीसी लिमिटेड में मैनेजर सहित 26 पदों पर नियुक्ति का अवसर, 22 अगस्त तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। नेशनल प्रोजेक्ट्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनपीसीसी) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। एनपीसीसी लिमिटेड ने मैनेजर सहित विभिन्न 26 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एनपीसीसी लिमिटेड की ओर से जारी 26 रिक्तियों में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (इंजीनियरिंग) का 1, ज्वाइंट जनरल मैनेजर (वित्त) का 1, मैनेजर (वित्त) के 4, मैनेजर (मानव संसाधन) के 5, डिप्टी-मैनेजर (वित्त) के 11 और डिप्टी-मैनेजर (विधि) के 4 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 अगस्त तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एनपीसीसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (इंजीनियरिंग) पोस्ट के लिए इंजीनियरिंग में बैचलर डिग्री (या इसके बराबर) या पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होनी चाहिए। वहीं, मैनेजमेंट/एमटेक वाले को प्राथमिकता दी जाएगी। ज्वाइंट जनरल मैनेजर (वित्त), मैनेजर (वित्त) और डिप्टी-मैनेजर (वित्त) के लिए सीए/सीएमए/एमबीए (फाइनेंस), मैनेजर (एचआर) के लिए एचआर/पर्सनेल मैनेजमेंट में स्पेशलाइजेशन के साथ एमबीए/पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री/पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और डिप्टी-मैनेजर (विधि) के लिए कानून में ग्रेजुएशन (बार में नामांकित) होनी चाहिए। वहीं, लॉ में अतिरिक्त पोस्ट ग्रेजुएट योग्यता वाले को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पोस्ट के अनुसार निर्धारित 4 से 22 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पोस्ट के अनुसार 30 से 53 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 31 जुलाई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग, व्यक्तिगत साक्षात्कार, दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पोस्ट के अनुसार 40,000 से 2,80,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगता ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल और ओबीसी के लिए 1,000 रुपए तय किया गया है। वहीं, अनुसूचित जाति (एससी)/अनुसूचित जनजाति (एसटी)/विकलांग व्यक्ति (पीडब्ल्यूबीडी)/ईडब्ल्यूएस और पूर्व सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम