×

नॉर्वे में अमेरिकी दूतावास धमाका मामला: पुलिस ने जताई 'आतंकी साजिश' की आशंका

 

ओस्लो, 8 मार्च (आईएएनएस)। नॉर्वे पुलिस ने रविवार तड़के राजधानी स्थित यूएस दूतावास में हुए जोरदार धमाके के मकसद को लेकर बड़ी टिप्पणी दी है, कहा है कि ये आतंकी हमला हो सकता है।

स्थानीय मीडिया संस्थानों ने इसकी जानकारी दी। बताया कि इसे लेकर पुलिस ने अपडेट दिया है। इसमें कहा गया है कि एम्बेसी में हुए धमाके में कोई घायल नहीं हुआ और सामान का मामूली नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह आतंकी साजिश के तहत किया हमला हो सकता है, लेकिन दूसरे मकसदों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस की जांच और इंटेलिजेंस के लिए जॉइंट यूनिट के हेड, फ्रोड लार्सन ने पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनआरके को एक इंटरव्यू में बताया, "एक अंदाजा यह है कि यह आतंकी हमला है।"

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने कहा, "लेकिन हम पूरी तरह सेो इसी पर अटके नहीं हैं। हमें इस बात के लिए भी तैयार रहना होगा कि जो हुआ है उसके पीछे और भी वजहें हो सकती हैं।"

बता दें कि, नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में रविवार तड़के अमेरिकी दूतावास के पास एक जोरदार धमाका सुना गया था। ओस्लो पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस रहस्यमयी विस्फोट की जांच में जुट गई।

स्थानीय मीडिया और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के घरों की खिड़कियां और दीवारें तक हिल गईं। हुसेबी इलाके में स्थित दूतावास के पास विस्फोट के तुरंत बाद चारों ओर धुआं फैल गया।

धमाके के बाद एक बयान मे नॉर्वे की पुलिस ने कहा था कि रविवार को स्थानीय समयानुसार करीब 01:00 बजे अमेरिकी एम्बेसी के आस-पास के इलाके में "बड़ी मात्रा में रिसोर्स" भेजे गए थे। बयान में आगे कहा गया, "पुलिस एम्बेसी से बातचीत कर रही है और किसी के घायल होने की खबर नहीं है।"

पुलिस टीम का नेतृत्व कर रहे माइकल डेलेमीर ने एनआरके को बताया कि धमाका बिल्डिंग के पब्लिक प्रवेश द्वार पर हुआ था। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने ओस्लो के मोरगेडाल्सवेगेन जिले में एम्बेसी के आस-पास के इलाके में जांच अभियान चलाया था।

--आईएएनएस

केआर/