×

नोएडा: शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 

नोएडा, 7 मार्च (आईएएनएस)। साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक लाभ कमाने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के बैंक खातों में करीब 7.14 लाख रुपए की ठगी की रकम मिलने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और साक्ष्य संकलन के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रईस (42 वर्ष) निवासी रामपुर, उत्तर प्रदेश और जितेन्द्र कुमार (35 वर्ष) निवासी उधमसिंह नगर, उत्तराखंड के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्‍जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लोगों को शेयर मार्केट में निवेश कर अधिक मुनाफा कमाने का लालच देता था। आरोपी लोगों से संपर्क कर उन्हें फर्जी निवेश योजनाओं में पैसा लगाने के लिए प्रेरित करते थे। जब लोग अधिक लाभ की उम्मीद में पैसा ट्रांसफर कर देते थे तो आरोपी उनसे संपर्क तोड़ लेते थे।

पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी रईस साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को अपने बैंक खाते में प्राप्त करता था, जबकि जितेन्द्र कुमार अन्य लोगों के बैंक खाते खुलवाकर उनमें ठगी की रकम मंगाने का काम करता था। इस तरह दोनों मिलकर ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के बैंक खातों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से कुल 17 शिकायतें दर्ज हैं। इन शिकायतों में करीब 1 करोड़ 32 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इनमें उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों के पीड़ित शामिल हैं।

पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शेयर मार्केट में अधिक लाभ का लालच देने वाले अनजान कॉल, मैसेज या सोशल मीडिया ग्रुप से सावधान रहें। किसी भी अपरिचित लिंक, ऐप या टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से निवेश करने से बचें। साथ ही अनजान व्यक्तियों के बैंक खाते या यूपीआई में पैसे ट्रांसफर न करें और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो वह तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करे।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच