नोएडा: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग का बड़ा अभियान, 100 किलो बूंदी सीज और 200 किलो पनीर नष्ट
गौतमबुद्धनगर, 25 अगस्त (आईएएनएस)। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए गौतमबुद्धनगर में मिलावटी और मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री एवं आपूर्ति पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जिलाधिकारी और आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर विभाग की विभिन्न टीमों ने जिले में अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की जांच की।
इस दौरान अलग-अलग स्थानों से कुल 9 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहीं, प्रथम दृष्टया मिलावटी और अपमिश्रित पाए जाने पर करीब 100 किलो बूंदी सीज की गई, जबकि लगभग 200 किलो पनीर नष्ट कराया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 24 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और महेंद्र प्रताप सिंह की टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर वाहनों की जांच की। इस दौरान अलीगढ़ के सहजपुरा पिसावा स्थित आरके डेयरी से दिल्ली सप्लाई के लिए वाहन से ले जाए जा रहे पनीर का एक नमूना लिया गया। इसके अलावा नगला कला, अलीगढ़ स्थित राहुल कुमार की डेयरी से वाहन के जरिए दिल्ली ले जाए जा रहे पनीर का भी एक नमूना लिया गया।
इसी क्रम में बाजना, मथुरा की मोहित डेयरी से वाहन के जरिए दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर के दो नमूने लिए गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने डीएनडी फ्लाईओवर पर राधे डेयरी, बाजना मथुरा की गाड़ी से दिल्ली सप्लाई के लिए ले जाए जा रहे पनीर का एक नमूना लिया।
खाद्य विभाग की एक टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पुस्ता क्षेत्र में स्थित एमके स्वीट की लड्डू निर्माणशाला पर भी कार्रवाई की। यहां से बूंदी का एक नमूना लिया गया। जांच के दौरान बूंदी प्रथम दृष्टया अपमिश्रित और उसमें अधिक मात्रा में रंग पाए जाने के कारण वहां मौजूद करीब 100 किलोग्राम बूंदी को सीज कर दिया गया।
इसके बाद 25 अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे खाद्य विभाग की टीम ने जीटी रोड, दादरी-नोएडा पर वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन में मेवात, हरियाणा निर्मित करीब 200 किलोग्राम पनीर दिल्ली से दादरी सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था। मौके पर नजाकत उर्फ भोला निवासी मेंहदीपुर बांगर, रबूपुरा को पकड़ा गया।
टीम ने पनीर का एक नमूना लिया और शेष करीब 200 किलो पनीर को प्रथम दृष्टया मिलावटी एवं प्रदूषित पाए जाने पर नष्ट करा दिया। इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने ग्रेटर नोएडा के अल्फा/अल्टिमा क्षेत्र स्थित ‘समा असली मुरादाबादी चिकन बिरयानी’ से चिकन बिरयानी का एक नमूना लिया।
वहीं, गौर सिटी स्थित हीरा स्वीट्स से प्याज कचौरी का भी एक नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया। विभाग के मुताबिक, अभियान के दौरान कुल 9 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि रक्षाबंधन पर्व के दौरान मिठाइयों, पनीर, खोया और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावटखोरों पर प्रभावी कार्रवाई करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच