×

नोएडा: निवेश के नाम पर 3.26 करोड़ रुपए की ठगी करने वाला साइबर ठग गिरफ्तार

 

नोएडा, 25 मार्च (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की थाना साइबर क्राइम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शेयर मार्केट में निवेश कर भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त ने लोगों को फर्जी इन्वेस्टमेंट स्कीम में फंसाकर करीब 3 करोड़ 26 लाख रुपए की धोखाधड़ी की थी।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार को एनसीआरपी (नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल) पर दर्ज शिकायतों की जांच के दौरान संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी निगरानी की गई। इसके साथ ही स्थानीय इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नोएडा से अभियुक्त बन्टी कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी बिहार के पूर्णिया जिले का निवासी है और उसकी उम्र करीब 32 वर्ष बताई जा रही है। जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को सोशल मीडिया, व्हाट्सएप कॉल और अन्य माध्यमों से संपर्क कर शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देता था। इसके बाद वह उन्हें फर्जी प्लेटफॉर्म और खातों के जरिए पैसे निवेश करने के लिए प्रेरित करता था। जैसे ही लोग पैसे ट्रांसफर करते, आरोपी उनसे संपर्क तोड़ देता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के बैंक खाते में ठगी से जुड़े लगभग 60 लाख रुपये के लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। इसके अलावा, उसके बैंक खाते के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर एक शिकायत भी दर्ज है। इस मामले में थाना साइबर क्राइम नोएडा में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जिसमें आईटी एक्ट की धारा 66डी भी शामिल है।

गौरतलब है कि इस पूरे गिरोह के खिलाफ पहले भी कार्रवाई की जा चुकी है और अब तक 14 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बंटी कुमार इस नेटवर्क का एक अहम सदस्य बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए निवेश के प्रस्ताव पर भरोसा न करें। व्हाट्सएप या कॉल के जरिए आने वाले फर्जी ऑफर्स से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। साथ ही, अपनी निजी जानकारी जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड या बैंक डिटेल्स किसी के साथ साझा न करें।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच