नोएडा में वाहन की चपेट में आने से डेढ़ साल के मासूम की मौत, परिवार में मचा कोहराम
नोएडा, 3 नवंबर (आईएएनएस)। शहर में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। थाना सेक्टर-142 क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-141 स्थित शहदरा गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में करीब डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। बच्चा सड़क पर एक वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में भी शोक का माहौल बन गया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को डायल-112 के माध्यम से थाना सेक्टर-142 पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम शहदरा, सेक्टर-141 में एक सड़क दुर्घटना हो गई है। हादसे में एक छोटे बच्चे की मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान मृतक बच्चे की पहचान शिवराज पुत्र सनी मोदी के रूप में हुई। उसकी उम्र करीब एक से दो वर्ष बताई गई है। वह मूल रूप से बिहार के लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र के ग्राम देहरा का रहने वाला था। वर्तमान में उसका परिवार नोएडा के सेक्टर-141 स्थित ग्राम शहदरा में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, शिवराज वाहन की चपेट में आ गया था। वाहन की चपेट में आने से उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मृत्यु हो गई।
हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने बच्चे के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना में शामिल वाहन को भी कब्जे में ले लिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मृतक के परिजनों से लिखित शिकायत (तहरीर) प्राप्त की जा रही है। तहरीर के आधार पर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी