×

नोएडा में दर्दनाक हादसा, पार्टी करने गए छात्र की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत

 

नोएडा, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा के सेक्टर-94 स्थित थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां एग्जाम खत्म होने के बाद पार्टी मनाने गए छात्रों की खुशी कुछ ही पलों में मातम में बदल गई। चार छात्र परीक्षा समाप्त होने के बाद जश्न मनाने के लिए सेक्टर-94 क्षेत्र में पहुंचे थे, लेकिन पार्टी के बाद एक छात्र की जान चली गई।

जानकारी के मुताबिक, पार्टी के दौरान सभी छात्र पास में ही बने एक गहरे गड्ढे में भरे पानी के पास पहुंचे। गर्मी और मौज-मस्ती के चलते उन्होंने पानी में नहाने का फैसला किया और एक-एक कर गड्ढे में कूदने लगे। इसी दौरान एक छात्र गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी अधिक गहरा होने के कारण उसे बाहर नहीं निकाल पाए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद छात्र को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान हर्षित भट्ट के रूप में हुई है, जो बैचलर ऑफ फिजिकल एजुकेशन का छात्र था और एमिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है।

इस मामले में डीसीपी नोएडा साद मियां खान ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद एक बार फिर नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि खुले गहरे गड्ढों को बिना सुरक्षा के छोड़ दिया जाता है, जो कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। यदि समय रहते इन गड्ढों को भर दिया जाता या इनके चारों ओर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाते, तो शायद ये हादसा नहीं होता।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच