नोएडा में 21वीं दिल्ली क्रिटिकल केयर वर्कशॉप, गंभीर मरीजों के इलाज पर हुआ मंथन
नोएडा, 13 नवंबर (आईएएनएल)। गंभीर रूप से बीमार मरीजों के उपचार में डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की जानकारी और व्यावहारिक कौशल को बेहतर बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को कैलाश अस्पताल में 21वीं दिल्ली क्रिटिकल केयर वर्कशॉप का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में आईसीयू प्रबंधन, वेंटिलेटर सपोर्ट, ईसीएमओ और आधुनिक चिकित्सा तकनीकों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न अस्पतालों से आए विशेषज्ञों ने डॉक्टरों और प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे मेडिकल विद्यार्थियों को गंभीर मरीजों के प्रबंधन, मेडिकल इमरजेंसी से निपटने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने से जुड़ी जानकारी दी। कार्यक्रम में भाजपा सांसद और कैलाश अस्पताल के सीएमडी महेश शर्मा भी शामिल हुए।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य क्रिटिकल केयर सुविधाओं को बेहतर बनाना और गंभीर मरीजों के जीवित रहने की संभावना बढ़ाने के लिए चिकित्सकीय कौशल विकसित करना रहा। आयोजन के दौरान विशेषज्ञों ने व्याख्यान के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण पर भी जोर दिया। इसमें वेंटिलेशन और अन्य उन्नत तकनीकों के इस्तेमाल से जुड़ी प्रक्रियाओं को समझाने के लिए स्किल स्टेशन भी रखे गए। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने इस बात पर जोर दिया कि गंभीर मरीजों के उपचार में समय पर निर्णय, आधुनिक तकनीकों की समझ, डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ का व्यावहारिक प्रशिक्षण महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यशाला के आयोजन सचिव डॉ. अमित गोयल ने कहा कि इसमें भाग लेने वाले डॉक्टरों के लिए एक सुविचारित प्रशिक्षण रणनीति तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि इसके साथ चार अन्य कार्यशालाएं भी आयोजित की जा रही हैं। इनमें नर्सिंग एक्सीलेंस, मैकेनिकल वेंटिलेशन, अल्ट्रासाउंड, हेमोडायनामिक्स और ईसीएमओ जैसे विषय शामिल हैं। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ को मरीजों के बेहतर प्रबंधन की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य यह सिखाना है कि गंभीर स्थिति में मरीजों को किस तरह संभाला जाए और उपलब्ध चिकित्सा तकनीकों का प्रभावी इस्तेमाल कैसे किया जाए।
कार्यशाला के मेंटर डॉ. प्रशांत सक्सेना ने आयोजन को एक अच्छी पहल बताते हुए कैलाश हॉस्पिटल्स और डॉ. गुरनानी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम खास तौर पर उन युवा इंटेंसिव केयर डॉक्टरों के लिए आयोजित किया गया है, जिन्हें वेंटिलेशन की तकनीक सीखने में कठिनाई होती है। इसके लिए दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न अस्पतालों से अनुभवी शिक्षक और विशेषज्ञ शामिल हुए हैं, जो प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दे रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कार्यशाला युवा डॉक्टरों के लिए उपयोगी साबित होगी।
कोर्स डायरेक्टर डॉ. विनीता गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में 'इंटीग्रेटिंग ह्यूमन्स एंड मशीन्स' विषय पर एक दिवसीय सत्र आयोजित किया गया। इसमें दिल्ली-एनसीआर से आए विद्यार्थियों को यह समझाया जा रहा है कि वेंटिलेटर जैसी मशीनों को चिकित्सकीय सोच और मरीज की जरूरतों के अनुरूप किस तरह इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक चिकित्सा में मशीनों और डॉक्टरों की समझ के बीच बेहतर तालमेल का प्रशिक्षण महत्वपूर्ण है।
कोर्स डायरेक्टर डॉ. नंदनी गुलाटी ने बताया कि उनकी कार्यशाला का मुख्य फोकस मैकेनिकल वेंटिलेशन और ब्रोंकोस्कोपी पर है। यह एक दिवसीय कार्यक्रम विशेष रूप से आईसीयू में काम कर रहे विद्यार्थियों और युवा डॉक्टरों के लिए तैयार किया गया है। इसमें दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख अस्पतालों के विशेषज्ञ फैकल्टी सदस्य शामिल हुए हैं, जिन्हें इन विषयों का अनुभव है। उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों को विषय से जुड़ी जानकारी और व्यावहारिक प्रशिक्षण दोनों उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के संरक्षक डॉ. अनिल गुरनानी ने इसे दिल्ली-एनसीआर और नोएडा के प्रमुख अस्पतालों की भागीदारी वाला व्यापक संयुक्त आयोजन बताया। उन्होंने कहा कि इसमें विभिन्न अस्पतालों के विद्यार्थी, प्रतिनिधि और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े लोग हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में व्याख्यान के बाद स्किल स्टेशन के माध्यम से कृत्रिम सांस यानी आर्टिफिशियल वेंटिलेशन देने और उसमें दक्षता हासिल करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
डॉ. गुरनानी ने दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में बढ़ते वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदूषण के कारण सांस संबंधी बीमारियों और सांस लेने में कठिनाई की समस्या सामने आ रही है। उनके मुताबिक ऐसे मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण कई लोगों को अस्पतालों और आईसीयू में भर्ती करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में वेंटिलेशन और क्रिटिकल केयर से जुड़ा प्रशिक्षण बेहद महत्वपूर्ण है।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी