×

नोएडा में 21 किलो गांजे के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार, कार भी बरामद

 

नोएडा, 30 जून (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-20 की पुलिस और सीआरटी टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी करने वाले पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 21 किलो गांजा बरामद किया गया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत पांच लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मारुति सुजुकी फ्रोंक्स कार भी जब्त की गई है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मंगलवार को थाना सेक्टर-20 पुलिस और सीआरटी टीम ने स्थानीय खुफिया सूचना के आधार पर की। पुलिस ने डीएनडी रोड स्थित सेक्टर-17 के पास घेराबंदी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर खान (27 वर्ष), मनोज कुमार (41 वर्ष), प्रकाश शाह (57 वर्ष), मोहम्मद फिरोज (55 वर्ष) और पप्पू कुमार (38 वर्ष) के रूप में हुई है।

सभी आरोपी वर्तमान में नोएडा की जेजे कॉलोनियों में रह रहे थे जबकि इनके मूल निवास उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार के विभिन्न जिलों में हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे ओडिशा से अलग-अलग माध्यमों से गांजा मंगाकर दिल्ली और एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करते थे। आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि इस नेटवर्क में नूरी नाम की एक महिला भी शामिल है, जो उनके साथ तस्करी के काम में सहयोग करती थी।

पुलिस ने उसे वांछित घोषित करते हुए उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पूरे गिरोह और इसके अन्य संभावित सदस्यों के संबंध में भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार किए गए अधिकांश आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। कई आरोपियों पर पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत गांजा तस्करी के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा कुछ आरोपियों के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा, आबकारी अधिनियम और जुआ अधिनियम सहित अन्य आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।

विशेष रूप से प्रकाश शाह, मोहम्मद फिरोज और मनोज कुमार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के कई पुराने मामले पहले से दर्ज हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि ये लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए थे। नोएडा पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसके पीछे सक्रिय अन्य तस्करों की पहचान करने में जुटी हुई है।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम