×

नोएडा में 10 हजार का इनामी वांछित आरोपी गिरफ्तार, मैकबुक-आईपैड और अवैध तमंचा बरामद

 

नोएडा, 24 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपए के इनामी और वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का एप्पल मैकबुक, एप्पल आईपैड 1,210 रुपए नकद के अलावा एक अवैध .32 बोर का तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बदायूं और बुलंदशहर के अलग-अलग थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर को थाना फेस-2 पुलिस टीम को गोपनीय सूचना मिली थी कि 10 हजार रुपए का इनामी और वांछित आरोपी इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को शमशान घाट, मेट्रो लाइन के नीचे से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू सक्सेना उर्फ टीटू पुत्र हीरालाल, निवासी ग्राम नगासी, थाना उसैहत, जिला बदायूं, हाल पता तालाब वाली गली, हनुमान मंदिर, मकनपुर, थाना इन्द्रापुरम, गाजियाबाद के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई वारदातों में शामिल होने की बात बताई है।

आरोपी के मुताबिक, जून 2026 में एल्डिको सेक्टर-93 और ग्राम गेझा के पास खड़ी एक गाड़ी का शीशा तोड़कर उसने बैग चोरी किया था। बैग के अंदर से एप्पल मैकबुक और एप्पल आईपैड मिले थे। पुलिस ने दोनों इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को बरामद कर लिया है। इस मामले में थाना फेस-2 में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि अगस्त 2025 में उसने अपने साथियों के साथ सेक्टर-85 नोएडा में एक कंपनी के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल चोरी की थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अगस्त 2026 की शुरुआत में थाना फेस-2 क्षेत्र स्थित सी-ब्लॉक हौजरी कॉम्प्लेक्स से मोबाइल फोन छीनने की वारदात भी कबूल की है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने छीना गया मोबाइल फोन करीब 5 हजार रुपए में बेच दिया था। इन घटनाओं के संबंध में थाना फेस-2 में संबंधित मुकदमे दर्ज हैं और पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .32 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। इसके साथ ही पुलिस को 1,210 रुपये नकद मिले हैं।

पुलिस अब बरामद अवैध हथियार के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार राजू सक्सेना उर्फ टीटू का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ थाना इन्द्रापुरम गाजियाबाद में वर्ष 2023 में हत्या के प्रयास समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा थाना उसैहत बदायूं, थाना बिसरख, थाना फेस-2, थाना सेक्टर-63 नोएडा और सिकंदराबाद बुलंदशहर में चोरी, बरामदगी और अन्य अपराधों से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2023 से वर्ष 2026 तक कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक नेटवर्क और उसके साथ वारदातों में शामिल रहे अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी