नोएडा हिंसा पर सख्ती: 700 से ज्यादा गिरफ्तार, साजिश के एंगल पर जांच तेज
नोएडा, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। नोएडा में हाल ही में हुए उपद्रव और हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए पुलिस ने विभिन्न थानों में अब तक 12 से अधिक एफआईआर दर्ज की हैं। इन मामलों में संलिप्त 700 से ज्यादा आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि कई अन्य संदिग्धों की तलाश अभी भी जारी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटनाएं केवल अचानक भड़की हिंसा नहीं थीं, बल्कि इसके पीछे एक सुनियोजित साजिश की आशंका भी जताई जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए षडयंत्र के एंगल पर भी गहन पड़ताल शुरू कर दी है। जांच टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों से सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जब्त की गई है, जिनके आधार पर उपद्रवियों की पहचान की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, कई उपद्रवी घटनास्थल पर नकाब पहनकर पहुंचे थे, ताकि उनकी पहचान न हो सके। ऐसे लोगों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। जांच में यह भी सामने आया है कि उपद्रव फैलाने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया गया।
पुलिस को कई व्हाट्सएप ग्रुप, चैट्स और ऑडियो क्लिप मिले हैं, जिनमें लोगों को भड़काने और एकत्रित होने के निर्देश दिए गए थे। इन डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पुलिस साजिशकर्ताओं तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। इसके अलावा, कुछ आरोपियों के पास से पेट्रोल से भरी बोतलें भी बरामद हुई हैं, जिससे यह संकेत मिलता है कि हिंसा को और अधिक बढ़ाने की योजना बनाई गई थी।
पुलिस का कहना है कि मुख्य साजिशकर्ता की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही, आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच