नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ई-बस सेवा को मिला जबरदस्त रिस्पॉन्स, अगस्त में 3.40 लाख यात्रियों ने किया सफर
नोएडा, 3 सितंबर (आईएएनएस)। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संचालित सिटी ई-बस सेवा को आमजन का लगातार बेहतर रिस्पॉन्स मिल रहा है। कम किराये और सुविधाजनक सफर के कारण ई-बसों में यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।
इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जुलाई महीने में जहां इन बसों से करीब 1.50 लाख यात्रियों ने सफर किया था, वहीं अगस्त में यात्रियों की संख्या बढ़कर 3.40 लाख पहुंच गई। यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ ई-बस सेवा से होने वाले राजस्व में भी करीब दोगुनी वृद्धि दर्ज की गई है।
गौरतलब है कि 15 जून 2026 से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्रों में जनसुविधा के लिए कुल 100 ई-बसों का संचालन शुरू किया गया था। इनमें से 50 बसें नोएडा क्षेत्र, 25 बसें ग्रेटर नोएडा और 25 बसें यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चलाई जा रही हैं।
नोएडा क्षेत्र में संचालित 50 ई-बसों को फिलहाल पांच प्रमुख रूटों पर चलाया जा रहा है। ई-बस सेवा को मिल रहे सकारात्मक रिस्पॉन्स के बाद शहरवासियों और विभिन्न गांवों के लोगों ने बसों की संख्या बढ़ाने और नए रूट शुरू करने की मांग की है। लोगों की मांग को देखते हुए अब अतिरिक्त 25 ई-बसों को जल्द ही मौजूदा बेड़े में शामिल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके साथ ही नए रूटों के लिए सर्वे भी कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक गांवों और सेक्टरों को सिटी ई-बस सेवा से जोड़ना है।
वर्तमान में नोएडा क्षेत्र की 50 ई-बसें पांच प्रमुख रूटों पर संचालित हो रही हैं। रूट नंबर-1 पर बसें बॉटेनिकल गार्डन से शुरू होकर गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, होशियारपुर, सेक्टर-51, पर्थला, गौर चौक, ग्रेटर नोएडा वेस्ट के एक मूर्ति गोलचक्कर और सूरजपुर कलेक्ट्रेट होते हुए परीचौक तक जाती हैं। रूट नंबर-2 बॉटेनिकल गार्डन से शुरू होकर सेक्टर-44 छलेरा, एमिटी स्कूल, एक्सप्रेसवे, परीचौक, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, दनकौर और खूपुरा होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक जाता है। इस रूट को खास तौर पर एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्रों से कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रूट नंबर-3 बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-37 अंडरपास, छलेरा, अगाहपुर, बरौला, सेक्टर-50 मेट्रो स्टेशन, सेक्टर-75, नॉर्थआई चौक, सेक्टर-116, सेक्टर-78, सैमसंग फेस-2, फूल मंडी और कुलेसरा होते हुए सूरजपुर कलेक्ट्रेट तक संचालित है।
वहीं रूट नंबर-4 बॉटेनिकल गार्डन से गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, सेक्टर-52, साईं मंदिर सेक्टर-61, सेक्टर-62, प्रताप विहार गाजियाबाद और आरआरटीएस स्टेशन होते हुए नया बस अड्डा गाजियाबाद तक जाता है। रूट नंबर-5 बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-16, नोएडा प्रवेश गेट सेक्टर-14ए, अक्षरधाम और कौशांबी होते हुए आनंद विहार तक संचालित किया जा रहा है।
प्राधिकरण के अनुसार ई-बसों की संख्या बढ़ाने के साथ नए रूटों का सर्वे भी किया जा रहा है, ताकि उन क्षेत्रों को भी सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जा सके जहां वर्तमान में बस कनेक्टिविटी सीमित है। ई-बस सेवा के विस्तार से नोएडा-ग्रेटर नोएडा के गांवों, सेक्टरों, मेट्रो स्टेशनों और प्रमुख व्यावसायिक एवं संस्थागत क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
जनहित में ई-बस सेवा से संबंधित शिकायत या सुझाव देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1800-180-2877 जारी किया गया है। आमजन इस नंबर पर बस सेवा से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत, समस्या या सुझाव दर्ज करा सकते हैं।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच