☰
×

नोएडा: घर का ताला तोड़कर लाखों के आभूषण और नकदी चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

 

नोएडा, 10 नवंबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना फेस-2 की पुलिस ने घरों में चोरी और नकबजनी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण, जेवर बेचने के बाद बचे 5,450 रुपए नकद, चोरी की वारदात में इस्तेमाल किए जाने वाले लोहे के औजार और एक अवैध चाकू बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय चांद पुत्र टिड्डू के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है और अपने साथी के साथ मिलकर उन घरों को निशाना बनाता था, जिनके मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा होता था। पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को थाना फेस-2 क्षेत्र की अक्षरधाम कॉलोनी में चोरी की वारदात हुई थी। यहां एक महिला के घर का लॉक तोड़कर अज्ञात चोर ने तिजोरी में रखे आभूषण और गुल्लक आदि में रखी नकदी चोरी कर ली थी।

घटना की शिकायत मिलने के बाद थाना फेस-2 पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने स्थानीय खुफिया जानकारी और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद ली। लगातार जांच और संदिग्धों की तलाश के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। इसके बाद 10 नवंबर 2026 को थाना फेस-2 पुलिस ने अक्षरधाम मंदिर के पास पुस्ता रोड से आरोपी चांद को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के आभूषण और अन्य सामान बरामद हुआ।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और अपने एक साथी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। दोनों रात के समय ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिनके बाहर से ताला लगा होता था। इसके बाद मौका देखकर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसते और कीमती सामान व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे। आरोपी ने स्वीकार किया कि 14 और 15 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि को उसने अक्षरधाम कॉलोनी स्थित मकान का ताला तोड़कर आभूषण और गुल्लक आदि में रखे करीब 20 हजार रुपए चोरी किए थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 3 ग्राम 800 मिलीग्राम सोने के आभूषण और 66 ग्राम 52 मिलीग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा चोरी किए गए आभूषणों को बेचने से मिली रकम में से बचे 5,450 रुपये नकद भी बरामद हुए हैं। वारदात में इस्तेमाल किए गए औजारों में एक हथौड़ी, एक लोहे की रॉड और एक लोहे की छैनी शामिल हैं। पुलिस को आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी मिला है।

गिरफ्तार आरोपी चांद मूल रूप से बुलंदशहर जिले के ककोड़ थाना क्षेत्र के बोपारियान मोहल्ले का निवासी है। वर्तमान में वह गौतमबुद्धनगर के सूरजपुर कस्बे में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज चोरी के मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) भी बढ़ाई है। इसके साथ ही अवैध चाकू बरामद होने के संबंध में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले में आरोपी के साथी की भूमिका और चोरी की अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी जांच कर रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी