☰
×

नोएडा: अस्पताल से नवजात शिशु का अपहरण, आठ घंटे में सकुशल बरामद; महिला गिरफ्तार

 

नोएडा, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर के थाना फेस-2 क्षेत्र में अस्पताल से तीन दिन के नवजात शिशु के अपहरण का मामला सामने आया है। एक अज्ञात महिला सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपए दिलाने का झांसा देकर बच्चे के परिजनों से जान-पहचान बढ़ाने के बाद नवजात को लेकर फरार हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर फेस-2 थाने की पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार्रवाई करते हुए महज आठ घंटे के भीतर नवजात को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बिना नंबर प्लेट की स्कूटी भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पत्नी ने 6 अक्टूबर को भंगेल स्थित एक अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था। इसके दो दिन बाद, 8 अक्टूबर की शाम को एक अज्ञात महिला अस्पताल पहुंची। वहां उसने नवजात की मां और उसकी नानी से संपर्क किया। महिला ने उन्हें किसी सरकारी योजना के तहत 2,500 रुपए दिलाने का झांसा दिया और इसी बहाने उनसे जान-पहचान बढ़ाई। बताया गया है कि 9 अक्टूबर की सुबह महिला एक बार फिर अस्पताल पहुंची। इस दौरान वह नवजात शिशु को दुलारने लगी।

आरोप है कि महिला ने बातचीत में बच्चे के परिजनों को उलझा लिया और मौका पाकर तीन दिन के नवजात को अपने साथ लेकर अस्पताल से चली गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना फेस-2 पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस के साथ अस्पताल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अवलोकन किया।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास से आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और नवजात शिशु को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने बताया कि नवजात को सुरक्षित बरामद करने के बाद उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। इसके साथ ही मामले में एक नाबालिग को भी पुलिस संरक्षण में लिया गया है। घटना में इस्तेमाल की गई एक स्कूटी भी बरामद हुई है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिस ने स्कूटी को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार महिला की पहचान उपासना पत्नी सोनू कुमार, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी ग्राम बावली, थाना बड़ौत, जिला बागपत के रूप में हुई है। उसका वर्तमान पता ग्राम भंगेल, थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर बताया गया है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान उपासना ने बताया कि उसकी बहन की कोई संतान नहीं है। इसी वजह से वह अपनी बहन को बच्चा देने के उद्देश्य से अस्पताल से नवजात शिशु को लेकर चली गई थी।

पुलिस इस मामले में पूछताछ के आधार पर अन्य जानकारियां जुटा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। इस मामले में थाना फेस-2, गौतमबुद्धनगर में मुकदमा अपराध संख्या 468/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) और 137(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी