नोएडा: 10 लाख रुपए की स्मैक के साथ 19 वर्षीय युवती गिरफ्तार
नोएडा, 21 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना फेस-1 पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 280 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक युवती को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी युवती के कब्जे से स्मैक की बिक्री से प्राप्त 4,200 रुपए नकद भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 20 जुलाई को लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। थाना फेस-1 पुलिस टीम ने सेक्टर-8 क्षेत्र में घेराबंदी कर अफसाना उर्फ बेबी नामक युवती को गिरफ्तार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार युवती पहले से वांछित चल रही आरोपी नूरी की भतीजी है और उसी के निर्देश पर नशे के कारोबार में शामिल होकर स्मैक की सप्लाई और बिक्री कर रही थी। पूछताछ के दौरान अफसाना उर्फ बेबी ने पुलिस को बताया कि उसकी बुआ नूरी उसे स्मैक उपलब्ध कराती थी। वह स्मैक की छोटी-छोटी पुड़ियां तैयार कर नोएडा के झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों और फैक्ट्री एरिया में जाकर बेचती थी।
पुलिस का मानना है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में सक्रिय थी और स्थानीय स्तर पर नशे की सप्लाई का काम कर रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफसाना उर्फ बेबी पुत्री सिकंदर, निवासी जेजे कॉलोनी, सेक्टर-9, थाना फेस-1, गौतमबुद्ध नगर के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 19 वर्ष बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस मामले में फरार आरोपी नूरी और नशे के पूरे नेटवर्क की तलाश में जुट गई है।
यह भी जांच की जा रही है कि स्मैक की खेप कहां से लाई जाती थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।
पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियानों को और तेज किया जाएगा ताकि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोहों का पूरी तरह सफाया किया जा सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी