एनएमआरसी भर्ती 2026: सीनियर सेक्शन इंजीनियर समेत 34 पदों के लिए आवेदन शुरू, जानें योग्यता और सैलरी
नई दिल्ली, 27 अगस्त (आईएएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे लोगों के लिए एक खास मौका सामने आया है। नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एनएमआरसी) ने सीधी भर्ती के तहत अनुबंध के आधार पर सीनियर सेक्शन इंजीनियर समेत विभिन्न 34 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।
एनएमआरसी की ओर से सीनियर सेक्शन इंजीनियर समेत विभिन्न 34 पदों के लिए जारी रिक्तियों में सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिविल) के 14, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (ट्रैक) के 3, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (रोलिंग स्टॉक) के 2, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (एएफसी और टेलीकॉम) के 3, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल) के 3, सीनियर सेक्शन इंजीनियर (सिग्नलिंग और टेलीकॉम) के 3, सीनियर सेक्शन ऑफिसर (फाइनेंस) के 2, सीनियर सेक्शन ऑफिसर (लीगल) के 2 और सीनियर सेक्शन ऑफिसर (एचआर) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 22 अगस्त से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 सितंबर तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्ति के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी जाती है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद और क्षेत्र के अनुसार सिविल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग/मैकेनिकल इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन में तीन वर्ष का डिप्लोमा; कॉमर्स में बैचलर या उसके बराबर की डिग्री और फाइनेंस में मास्टर्स ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) की डिग्री या आईसीएआई से चार्टर्ड अकाउंटेंट या आईसीएमएआई से कॉस्ट एंड मैनेजमेंट अकाउंटेंट; लॉ में फुल-टाइम बैचलर डिग्री (3 वर्ष का रेगुलर कोर्स) या लॉ में फुल-टाइम बैचलर डिग्री (5 वर्ष का इंटीग्रेटेड रेगुलर कोर्स); या किसी भी विषय में बैचलर डिग्री और ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट में मास्टर्स ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (एमबीए) डिग्री या मानव संसाधन प्रबंधन (एचआरएम), मानव संसाधन विकास (एचआरजी), पर्सनल मैनेजमेंट, इंडस्ट्रियल रिलेशंस में स्पेशलाइजेशन के साथ 2 वर्ष की पीजी डिग्री/डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 6 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 40 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन संबंधित क्षेत्र में योग्यता/अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा और/या व्यक्तिगत साक्षात्कार, कौशल परीक्षण, शारीरिक क्षमता, दस्तावेज सत्यापन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 46,000 से 1,45,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को एक लिफाफे में डालकर उसे 'जनरल मैनेजर/एचआर, नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड, ब्लॉक III, तीसरी मंजिल, गंगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स- सेक्टर 29, नोएडा-201301, जिला गौतम बुद्ध नगर, यूपी' पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक के माध्यम से पहुंचा दें।
--आईएएनएस
डीके/पीएम