नीतीश कुमार के साथ इंसाफ नहीं हुआ, भाजपा को भुगतना पड़ेगा नुकसान: अबू आजमी
मुंबई, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री पद से मंगलवार को नीतीश कुमार ने इस्तीफा दे दिया। दूसरी ओर सम्राट चौधरी को भाजपा बिहार विधानमंडल दल का नेता चुना गया। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता अबू आजमी ने कहा कि नीतीश कुमार के साथ इंसाफ नहीं हुआ है। अगर थोड़ा भी इंसाफ किया जाता तो जदयू की ओर से कोई सीएम बनाया जाता।
मुंबई में आईएएनएस से बातचीत में अबू आजमी ने कहा कि वे नीतीश कुमार को लंबे समय से जानते हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार बहुत सरल इंसान हैं। अगर उन्होंने भाजपा को सपोर्ट नहीं किया होता तो भाजपा वहां सरकार नहीं बना पाती और न ही कोई उनका मुख्यमंत्री बन पाता। उन्होंने कई बार सरकार बदली है जिसका खामियाजा उन्हें आखिरकार भुगतना पड़ा। नीतीश कुमार भीमराव अंबेडकर के अनुयायी रहे हैं, लेकिन उन्होंने इस्तीफा देकर बहुत बड़ी गलती की। नीतीश कुमार के जाने से भाजपा कमजोर होगी।
बंगाल चुनाव को लेकर सपा नेता ने कहा कि भाजपा किसी भी तरह चुनाव जीतने की कोशिश करेगी, जो लोकतंत्र के लिए ठीक नहीं है। भाजपा की ऐसी हरकतों के खिलाफ जनता को खड़ा होना चाहिए। जनता ममता बनर्जी के पक्ष में है।
उन्होंने दावा किया कि हुमायूं कबीर को भाजपा ने खड़ा किया था। स्टिंग ऑपरेशन में भेद खुल गया। मुस्लिम वोटों का बंटवारा करके भाजपा चुनाव जीतना चाहती है।
महिला आरक्षण बिल पर अबू आजमी ने कहा कि वे बिल का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन अगर दलित और मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण का प्रावधान होता तो महिलाओं की आवाज और बुलंद हो जाती।
डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर अबू आजमी ने कहा कि आज का दिन हमारे लिए, खासकर दबे-कुचले मुसलमानों के लिए बहुत अहम है। उनके द्वारा रचित संविधान ने ही मुझे इस देश में रहने का अधिकार दिया है। आज जब संप्रदायिकता इतने जोर पर है। ऐसे समय में संविधान ही दबे-कुचले लोगों को ताकत दे रहा है। संविधान ने इतनी ताकत दी है कि मैं अपने सबसे बड़े मालिक के खिलाफ भी बोल सकता हूं, लेकिन यह ताकत सरकार छीन लेना चाहती है।
संविधान में कहीं नहीं लिखा है कि अपराध करने पर किसी का घर गिरा दिया जाए, लेकिन आज घर गिराए जा रहे हैं। संविधान में कहीं नहीं लिखा कि गोली मारी जाए या दलित को कुएं से पानी न लेने दिया जाए। सभी के अधिकारों की लड़ाई डॉ. आंबेडकर ने लड़ी थी, जिसे यह सरकार कमजोर करने में लगी हुई है। सरकार सामने तो बाबा साहेब की जय-जयकार करती है और पीछे उनके विचारों को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि संविधान ने समाज में सभी को बराबरी का दर्जा दिया है और कमजोर वर्गों को आरक्षण दिया है, ताकि वे दुनिया की दौड़ में बराबरी से चल सकें। यह सरकार पिछले दरवाजे से आरक्षण खत्म करने की कोशिश कर रही है।
अबू आजमी ने ड्रग्स की समस्या पर चिंता जताते हुए कहा कि अगर सरकार चाहे तो परिंदा भी पर नहीं मार सकता, लेकिन वह इस समस्या पर अंकुश नहीं लगा पा रही है।
लव जिहाद के मामले पर सपा नेता ने कहा कि मैं नहीं समझता कि कोई मुस्लिम किसी को जबरदस्ती धर्म परिवर्तन कराता हो। इसमें जरूर कुछ छिपी हुई बातें हैं। इस मामले की सही जांच होनी चाहिए। कुरान में साफ निर्देश है कि किसी का जबरन धर्म परिवर्तन नहीं किया जा सकता। न किसी की मस्जिद पर जबरन मंदिर बनाया जा सकता है और न ही जबरन शादी की जा सकती है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी