×

नीतीश कुमार का शासनकाल स्वर्णिम रहा: गिरिराज सिंह

 

पटना, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने को एक गौरवपूर्ण क्षण बताया। आईएएनएस से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सुखद क्षण क्या होगा कि 20 साल नीतीश कुमार ने बिहार में सरकार को चलाया और विकास किया।

गिरिराज सिंह ने कहा कि लालू यादव के 15 साल के शासनकाल को जंगलराज के तौर पर जाना जाएगा। जब बिहार के शासन पर इतिहासकार लिखेंगे, तो वे ये भी लिखेंगे कि किसके राज में क्या हुआ? इतिहासकार लिखेंगे कि नीतीश कुमार का शासनकाल स्वर्णिम रहा और लालू यादव के राज में जंगलराज रहा।

बंगाल में छह महीने के अंदर यूसीसी लागू होने के गृह मंत्री अमित शाह के बयान पर गिरिराज सिंह ने कहा कि बंगाल में यूसीसी भी लागू होगा, सातवां वेतन भी लागू होगा, घुसपैठियों को भगाया जाएगा, कानून-व्यवस्था का शासन रहेगा और बंगाल में माछ भी चलेगा, लेकिन गाय नहीं कटेगी। जो भी इसका उल्लंघन करेगा, उसे उल्टा लटका दिया जाएगा।

हुमायूं कबीर का वीडियो वायरल होने को लेकर गिरिराज सिंह ने कहा कि हिंदुओं को बंगाल को बचाने की लड़ाई लड़नी है। अगर हिंदू अभी नहीं तो कभी नहीं। घुसपैठियों का राज रहेगा या बंगाल की जनता का राज होगा। ये बंगाल के लोगों को तय करना है।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने पर आरएलपी प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि इस नई शुरुआत के लिए उन्हें मेरी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। नीतीश कुमार अब दिल्ली में रहकर राज्यसभा सदस्य के तौर पर बिहार और देश की सेवा करेंगे।

उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि नीतीश कुमार ने नई जिम्मेदारी का चुनाव खुद ही किया है। तेजस्वी यादव के बयान पर उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि मंत्री, विधायकों को सैलरी नहीं मिलने को लेकर तेजस्वी यादव क्यों चिंता कर रहे हैं? महिला आरक्षण बिल पर उन्होंने कहा कि विधेयक को पारित करने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है। राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि हर जगह से एनडीए के बढ़त की खबर आ रही है।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी