नितिन नवीन का दावा- "PM मोदी के आने से बदला देश का माहौल", वीडियो में बोले- 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि जब नरेंद्र मोदी ने देश की कमान संभाली थी, तब देश में निराशा और नकारात्मकता का माहौल था, लेकिन उनके नेतृत्व में युवाओं में नई उम्मीद पैदा हुई और भारत ने विकास की नई दिशा पकड़ी।
नितिन नवीन ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के दौरान देश के करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की नीतियों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ी और आज देश दुनिया की सबसे तेज गति से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने का जिक्र
बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन की यात्रा 7 अक्टूबर 2001 को शुरू हुई थी, जब उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में पहली बार शपथ ली थी। उन्होंने बताया कि 7 अक्टूबर 2026 को मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे हो जाएंगे।नितिन नवीन ने कहा कि इन 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक का सफर तय किया और कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।
"फ्रैजाइल फाइव में था भारत"
बीजेपी अध्यक्ष ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्र की सत्ता संभाली थी, तब देश की अर्थव्यवस्था को लेकर काफी निराशा थी। उन्होंने कहा कि उस समय भारत को "फ्रैजाइल फाइव" यानी कमजोर अर्थव्यवस्था वाले देशों में गिना जाता था।उन्होंने कहा, "उस दौर को नीतिगत पंगुता का समय कहा जा सकता है। देश में फैसले लेने की क्षमता को लेकर सवाल उठ रहे थे। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में तेजी से बदलाव देखा।"
युवाओं में बढ़ा भरोसा- बीजेपी अध्यक्ष
नितिन नवीन ने कहा कि मोदी सरकार ने युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और स्टार्टअप जैसे क्षेत्रों में कई कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में युवाओं को निराशा के माहौल से बाहर निकालकर नए अवसर दिए गए।उन्होंने कहा कि आज भारत वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और दुनिया की बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विकास योजनाओं का किया जिक्र
बीजेपी अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की कई योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि गरीबों के लिए आवास, स्वास्थ्य, बैंकिंग सुविधा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं ने लोगों के जीवन में बदलाव लाया है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का 25 साल का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और ष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है।
बीजेपी का अभियान तेज
प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के अवसर पर बीजेपी देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस दौरान प्रधानमंत्री के कार्यकाल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाया जाएगा।हालांकि विपक्ष लगातार केंद्र सरकार की नीतियों और दावों पर सवाल उठाता रहा है। ऐसे में मोदी सरकार के 25 साल के राजनीतिक सफर को लेकर सियासी बहस भी तेज हो गई है।