×

निशांत कुमार राजनीति में आते हैं तो कुछ गलत नहीं है: शक्ति यादव

 

नालंदा, 3 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने सीएम नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश की अटकलों पर कहा कि अच्छी बात है कि वे राजनीति में आएंगे। अगर वे राजनीति में आ रहे हैं तो उनका स्वागत है।

नालंदा में राजद प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि इसकी रिहर्सल पहले से ही चल रही थी, और हम तो यह भी कह रहे थे कि अगर किसी का बच्चा राजनीति में आता है तो इसमें गलत क्या है। उन्हें समाज सेवा करनी चाहिए, लेकिन राजनीति में आ रहे हैं निशांत तो जल्दी आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि परिवारवाद किस पार्टी में नहीं है। भाजपा को अपने यहां परिवारवाद नहीं दिखाई देता है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कौन हैं? उनके पिता कौन थे?

बता दें कि बिहार की राजनीति के गलियारों में यह चर्चा बहुत जोर पकड़ रही है कि निशांत कुमार जदयू के साथ सक्रिय रूप से राजनीति में एंट्री लेंगे। हालांकि, यह पहली बार नहीं है कि जब निशांत कुमार के राजनीति में आने की कवायद तेज हुई है। गत वर्ष होली के मौके पर भी यह कयास लगाए गए थे कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान निशांत कुमार जदयू की बागडोर संभालेंगे। कई बार तो मीडिया ने भी निशांत कुमार से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल पूछे थे, लेकिन हर बार निशांत कुमार ने ऐसी अटकलों को खारिज कर दिया।

बिहार से पांच राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। दो सीटें भाजपा, दो सीटें जदयू, और एक सीट आरएलएम के खाते में गई हैं। भाजपा ने राज्यसभा चुनाव के लिए दो उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। नितिन नवीन, जो कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं, उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया गया है।

वहीं, जदयू के खाते में आई दो सीटों में से माना जा रहा है कि एक सीट पर निशांत कुमार को उतारा जाएगा। निशांत राज्यसभा सदस्य के तौर पर अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकते हैं।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी