☰
×

Nikhil Gupta Case: खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या की साजिश मामले में आज सजा, अमेरिकी अदालत में होगा आमना-सामना

 

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश रचने के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को आज अमेरिकी अदालत सजा सुनाएगी। न्यूयॉर्क की संघीय अदालत में होने वाली सुनवाई के दौरान पन्नू भी मौजूद रह सकता है। साल 2023 में हत्या की साजिश का मामला सामने आने के बाद पहली बार दोनों का आमना-सामना होने की संभावना है।

55 वर्षीय निखिल गुप्ता ने इसी साल फरवरी में अपने ऊपर लगे आरोप स्वीकार कर लिए थे। अमेरिकी अभियोजकों ने उसे करीब 24 साल 5 महीने की जेल देने की मांग की है। वहीं, गुप्ता के वकीलों ने सजा घटाकर 12 साल करने की अपील की है। अमेरिकी जिला जज विक्टर मारेरो स्थानीय समय के अनुसार सुबह 10 बजे सुनवाई करेंगे।

पन्नू को अदालत में 20 मिनट बोलने का मिल सकता है मौका

सजा सुनाए जाने की प्रक्रिया के दौरान निखिल गुप्ता और गुरपतवंत सिंह पन्नू दोनों को अदालत में अपनी बात रखने का अवसर मिल सकता है। अमेरिकी अभियोजकों ने जज से पन्नू को पीड़ित के तौर पर करीब 20 मिनट तक बोलने की अनुमति देने का अनुरोध किया है।

'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, गुप्ता की वकील ने बताया कि कानून के तहत आरोपी को सजा सुनाए जाने से पहले अपना पक्ष रखने का अधिकार है। इसी तरह अपराध के पीड़ित भी सजा तय करने की प्रक्रिया के दौरान अदालत के सामने अपनी बात रख सकते हैं।

अमेरिकी सरकार ने पिछले सप्ताह अदालत में 20 पन्नों की याचिका दाखिल की थी। इसमें गुप्ता को 293 महीने यानी लगभग 24 साल 5 महीने की जेल देने की मांग की गई है।

चिट्ठी लिखकर जताया पछतावा

निखिल गुप्ता ने अदालत को पत्र लिखकर अपनी गलतियों पर पछतावा जताया है। उसने लिखा कि काश वह 2023 में लौटकर अपनी गलतियों को सुधार पाता। उसके मुताबिक, पीछे मुड़कर देखने पर वह खुद को उस व्यक्ति के रूप में पहचान नहीं पाता, जैसा वह बन गया था।

गुप्ता ने बताया कि 2023 की शुरुआत में वह अपने परिवार से दूर रहने लगा था और लगभग हर रात अधिक शराब पीता था। उसने अपनी वजह से परिवार और आसपास के लोगों को हुई परेशानी पर अफसोस जताया।

उसने यह भी कहा कि वह इस बात के लिए शुक्रगुजार है कि उसकी कथित गतिविधियों में किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ। अगर ऐसा होता तो यह उसके जीवन का सबसे बड़ा पछतावा होता।

अमेरिकी एजेंसी के मुखबिर से किया था संपर्क

अमेरिकी अदालत में पेश दस्तावेजों के अनुसार, साल 2023 में निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य देशों में मौजूद लोगों के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की कथित साजिश रची थी। इस मामले में विकास यादव का नाम भी सामने आया था।

आरोप है कि यादव के कहने पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह अपराधी गिरोह से जुड़ा हुआ समझता था। हालांकि, वह व्यक्ति अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) का मुखबिर था। गुप्ता ने उससे न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या के लिए शूटर की व्यवस्था करने को कहा था।

अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यादव ने गुप्ता के माध्यम से उस व्यक्ति को हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की पेशकश की थी। इसके अलावा, 9 जून 2023 के आसपास एक साथी के जरिए 15 हजार डॉलर नकद एडवांस के तौर पर भेजे जाने का भी आरोप है।

भारत सरकार ने साजिश में शामिल होने के आरोप नकारे

इस मामले से अलग गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत सरकार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल और रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल के खिलाफ अमेरिका में मुकदमा दायर किया है। पन्नू ने आरोप लगाया है कि उसकी हत्या की कथित साजिश में ये लोग शामिल थे।

13 नवंबर को न्यूयॉर्क की दक्षिणी जिला अदालत ने इस मुकदमे से जुड़े समन और अन्य दस्तावेज भारत की अदालतों के माध्यम से संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। अजीत डोभाल के लिए पटियाला हाउस और सामंत गोयल के लिए द्वारका तथा तीस हजारी अदालतों से सहायता मांगी गई है।

हालांकि, गुप्ता की वकील किर्शनर ने स्पष्ट किया है कि पन्नू का यह मुकदमा निखिल गुप्ता के आपराधिक मामले से अलग है और इसका उसकी सजा की सुनवाई से कोई संबंध नहीं है।

भारत सरकार ने पन्नू की हत्या की किसी भी साजिश में शामिल होने के आरोपों को खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 10 नवंबर को कहा था कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों पर लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद मानता है और पन्नू के मुकदमे को भी खारिज करता है।

अब न्यूयॉर्क की अदालत में होने वाली सुनवाई पर सबकी नजरें रहेंगी, जहां निखिल गुप्ता को सजा सुनाई जाएगी।